JharkhandLead NewsRanchi

भाजपा ने दो चरणों में चुनाव कराने का किया स्वागत, जतायी सरकार बदलने की उम्मीद

Ranchi : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड में दो चरणों (13 और 20 नवंबर) में विधानसभा चुनाव कराये जाने के फैसले का भाजपा ने स्वागत किया है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी समेत अन्य नेताओं ने यह भी उम्मीद जतायी है कि राज्य में सरकार बदलेगी.

बाबूलाल ने एक्स पर लिखा है कि चुनाव आयोग द्वारा झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा का वे स्वागत करते हैं. बीते 5 सालों में बेरोजगारी, घुसपैठ, अपराध, भ्रष्टाचार, कुशासन, तुष्टिकरण, दलित-आदिवासी-पिछड़े समाज का उत्पीड़न और झामुमो कांग्रेस राजद के जंगलराज से त्रस्त झारखंड की जनता-जनार्दन अब परिवर्तन चाहती है. यह चुनाव झारखंड की रोटी, बेटी और माटी की अस्मिता को बचाने का चुनाव है. यह चुनाव आदिवासी समाज के अस्तित्व को घुसपैठियों से बचाने का चुनाव है. यह चुनाव युवा साथियों को नौकरी, रोजगार और न्याय दिलाने का चुनाव है. यह चुनाव झारखंड के गरीब, किसान, महिलाओं को उनका हक़ दिलाने का चुनाव है. यह चुनाव झारखंड को बचाने का चुनाव है. बाबूलाल ने विश्वास जताते कहा है कि इस विधानसभा चुनाव में झारखंड के मतदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन को प्रचंड बहुमत देकर लोक कल्याणकारी सरकार बनायेंगे.

अमर बाउरी ने कहा है कि झारखंड की अत्याचारी – महा भ्रष्ट झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार के विदाई की अंतिम गिनती शुरू हो चुकी है. दो चरणों में चुनाव का यह निर्णय स्वागत योग्य है.

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड चुनाव की घोषणा पर कहा कि चुनाव आयोग ने झारखंड में दो चरणों में चुनाव कराने का बहुत अच्छा फैसला लिया है. हमें पूरा भरोसा है कि इस चुनाव से झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार की लूट और भ्रष्टाचार का अंत होगा. चुनाव आयोग की इस घोषणा से झारखंड मुक्ति मोर्चा को झटका लगा है. हम चुनाव आयोग के इस फैसले का स्वागत करते हैं.

Related Articles

Back to top button