
Dumka: रानेश्वर के बिलकांदी से सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधने के साथ ही संताल परगना में बिचौलियों को समाप्त करने के साथ-साथ सरकार की चार साल की उपलब्धियों को भी जन-चौपाल में गिनाया. सीएम अपने संबोधन में सरकार और शासन के बीच दूरी होने के कारण राज्य की जनता को परेशानी हो रही है, इसे मिटाने की जरूरत है. शासन और जनता के बीच की दूरी को मिटाने के लिए ही आज इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. रघुवर दास ने रानेश्वर प्रखंड के बिलकांदी पंचायत के बांसबोना गांव में आयोजित जन चैपाल में कही.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल सहिया, रानी मिस्त्री के सहयोग से हमने शत-प्रतिशत घरों में शौचालय बनाने का कार्य किया है. 67 साल की आजादी के बाद देश में पहली बार प्रधानमंत्री ने महिलाओं के दर्द को समझा और उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है. पूरे देश में एक अभियान के तहत शौचालय बनाये गये हैं. प्रधानमंत्री के सोच के ही के कारण आज उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया जा रहा है. वहीं मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, महिलाओं द्वारा पचास लाख रुपये तक की सम्पत्ति खरीदे जाने पर एक रुपए में रजिस्ट्री होती है. बेटियों को स्वावलंबी बनाने के लिए नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. कौशल विकास के तहत उन्हें हुनरमंद बनाकर रोजगार से परक योजना का भी जिक्र किया. साथ 90 प्रतिशत अनुदान राशि पर दो गाय महिलाओं को सरकार द्वारा दी जा रही है.
जैविक खेती करने का किया किसानों से आह्वान
मुख्यमंत्री ने जन चैपाल में किसानों से आह्वान किया कि पूरा विश्व जैविक खेती की ओर बढ़ रहा है. आपसब भी जैविक खेती करें. आप के उत्पादन की मार्केटिंग सरकार करेगी. दुमका में खजूर के गुड़ का प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाएगा. सरकार ग्रीन रिवॉल्यूशनरी कंपनी लगाने जा रही है, जिसमें गरीब आदिवासी समाज के लोगों को कम दर पर कृषि उपकरण दिया जाएगा. सरकार किसानों को नयी-नयी तकनीक सीखने के लिए दूसरे देश भेज रही है.
बिचैलियों के साथ-साथ धर्मांतरण कराने वाले लोगों को भी आड़े हाथ लिया
बिचौलिया इस समाज के लिए दीमक की तरह है. कोई भी आपसे सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अगर किसी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो बिना संकोच 181 पर कॉल कर इसकी सूचना देने की बात कही और भ्रष्टाचार मुक्त झारखंड बनाने में सहयोग की अपील की. अगर किसी ने लोभ लालच देकर धर्मांतरण कराने का कार्य किया, तो सरकार उसे माफ नहीं करेगी. ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
2022 तक सभी घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुद्ध पेयजल सभी घर तक पहुंचाने के लिए सरकार कृत संकल्पित है. एक अभियान के तहत 2022 तक पाइपलाइन के माध्यम से सभी घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जायेगा. यह कार्य शुरू हो गया है. रघुवर दास ने कहा कि बिजली के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती. दिसम्बर 2018 तक राज्य के हर घर में बिजली की सुविधा उपलब्ध होगी.
न्यू इंडिया के लिए 2020 तक राज्य की जनता से अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के न्यू इंडिया के सपने को पूरा करने के लिए हमें और कार्य करने की जरूरत है. 2020 तक आप सभी के सहयोग से हम निश्चित रूप से न्यू झारखंड बनाने में सफल होंगे. हर गरीब के सर पर छत हो, कोई भी बे दवा, बे घर, बे इलाज ना रहे.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सखी मंडल को क्रेडिट लिंकेज के तहत 14 करोड़ 69 लाख, रिवॉल्विंग फण्ड के तहत 24 लाख 75 हजार की राशि सौंपी. श्री दास ने भूमि संरक्षण विभाग द्वारा प्रदत्त पंप सेट, आयुष्मान भारत के तहत गोल्डन कार्ड, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, मिनी राइस मिल और प्रधानमंत्री आवास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड से लाभुकों को लाभान्वित किया. कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री डॉ लुईस मरांडी, दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें- RU छात्रसंघ चुनाव : ज्यादातर कॉलेजों में ABVP का दबदबा, वीमेंस कॉलेज में पहली बार निर्दलीय छात्राओं…
इसे भी पढ़ें- राज्य में कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की नीति नहीं होने का फायदा उठा रहीं निजी कंपनियां, खामियाजा भुगत रहे…




