2nd LeadNational

पश्चिम बंगाल : बागडोगरा के पास एसयूवी की चपेट में आने से 6 कावड़ियों की मौत

West Bengal: पश्चिम बंगाल के बागडोगरा के पास एसयूवी की चपेट में आने से 6 कावड़ियों की मौत हो गई है. यह घटना उत्तर बंगाल के बागडोगरा के नजदीक हुई है. यहां एक सिक्किम के पंजीकरण संख्या वाली एसयूवी ने 6 कांवड़ियों को टक्कर मार दी और इस वजह से सभी की मौत हो गई.

वहीं, कार में सवार लोग घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. अधिकारी दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए घटना की जांच कर रहे हैं. श्रावण माह के सोमवार को बाबाधाम से भगवान शिव पर जल चढ़ाकर कार सवार सिक्किम की ओर जा रहे थे. कांवड़िए बागडोगरा रिजर्व फॉरेस्ट स्थित जंगली बाबा मंदिर की ओर से जा रहे थे. सभी फांसीदेवा के दानागंज इलाके के रहने वाले थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाबाधाम से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और नेशनल हाईवे 31 पर चल रहे 6 लोगों को रौंदती हुई पलट गई. कार के परखच्चे उड़ गए. वाहन सवार सभी लोग घायल हो गए, जिन्हें मशक्कत के साथ निकाल कर तत्काल उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया.

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बागडोगरा पुलिस, ट्रैफिक गार्ड कर्मी, और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. घायलों को गाड़ी से निकाला और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. सूचना मिलते ही दानागंज इलाके के निवासी और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और चीख पुकार मच गई. हादसा बागडोगरा के पास मुनि चाय बागान के निकट हुआ.

प्रत्यक्षदर्शी ने इसे आमने सामने की टक्कर बताई. उसके मुताबिक, “कार बड़ी ही तेजी से जा रही थी और कांवड़ियों का एक जत्था दूसरी तरफ से आ रहा था. लोगों के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर लोगों को टक्कर मारते हुए नीचे जा गिरी.” फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर तैनात है.

 

 

Related Articles

Back to top button