
Ranchi: राज्यवासियों को पिछले दो दिनों के दौरान गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. जहां तापमान में कमी दर्ज की गयी. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो राज्य के अधिकांश जिलों में पिछले 24 घंटे से बादल छाये हुए है. वहीं कुछ जिलों में बारिश भी हुई. जिसका असर तापमान में देखा जा रहा है. पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में चार डिग्री तक की कमी दर्ज की गयी है. पहले जहां राजधानी रांची का तापमान 41 डिग्री दर्ज किया जा रहा था. वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान रांची का तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि राज्य में सक्रिय मानसून के आने में अभी भी तीन चार दिनों का इंतजार करना होगा. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो मानसून के लिये आने वाले दिनों में स्थिति सकारात्मक है. 22 जून तक राज्य में मानसून का प्रवेश होगा. जिसके बाद लोगों को राहत मिलेगी.
हालांकि आने वाले एक दो दिनों तक राज्य के उत्तर पूर्वी और मध्य हिस्से में बारिश के आसार है. असम में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से राज्य के इन हिस्सों में बारिश की संभावना है. इसमें देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग में बारिश की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद की माने तो 19 से 22 जून तक राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की स्थिति बनी रहेगी. कई हिस्सों में बादल छाये रहेंगे. तापमान में गिरावट के कारण लोगों को हीटवेव से राहत मिलेगी. आने वाले दिनों में राज्य का औसतन अधिकतम तापमान 35 डिग्री, वहीं औसतन न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक होने की जानकारी दी गयी है.




