
Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने रविवार को कांग्रेस झामुमो सहित इंडी एलायंस पर हमला बोला. श्री मरांडी पलामू दौरे के क्रम में मेदनीनगर में प्रेसवार्ता को संबोधित किया. चुनाव आयोग से इंडी एलायंस के जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र प्रत्याशी समीर मोहंती के पत्र जिसमें बूथों पर पैसे बांटने वाले पैसे में हेराफेरी लूट, भ्रष्टाचार की चर्चा है, की फॉरेंसिक जांच कराकर सत्यता उजागर करने का आग्रह भी किया. कहा कि समीर मोहंती ने झामुमो कांग्रेस के नेतृत्व को पत्र लिखकर यह शिकायत की है कि उनके द्वारा बूथ खर्च केलिए प्रति बूथ दिए गए 6हजार रुपए में से कार्यकर्ताओं तक 4हजार ही पहुंचे. बाकी प्रति बूथ 2हजार रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए. इतना ही नहीं, उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अतिरिक्त 25लाख रूपए देने की बात भी पत्र में लिखी है.
श्री मरांडी ने कहा कि एक लोकसभा क्षेत्र में औसत दो हजार बूथ होते हैं. यदि प्रति बूथ 6 हजार रुपए का हिसाब किया जाए तो वह एक करोड़ बीस लाख होता है. प्रति विधानसभा 25लाख का हिसाब जोड़ा जाए तो यह राशि भी डेढ़ करोड़ तक पहुंच जाती है. समीर मोहंती के पत्र से स्पष्ट है कि एक लोकसभा चुनाव क्षेत्र में 3करोड़ से ज्यादा रुपए खर्च किए गए हैं जबकि चुनाव आयोग द्वारा खर्च की निर्धारित सीमा 95लाख ही है.
उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग के निर्देशों का खुल्लम खुल्ला उल्लंघन है. पैसे के बल पर राज्य की सत्ताधारी गठबंधन द्वारा चुनाव को प्रभावित करने की हर संभव कोशिश की गई है. समीर मोहंती ने जिस प्रकार से अपने पत्र को फर्जी करार दिया है यह जांच का विषय है. उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि समीर मोहंती द्वारा पैसे के लेनदेन के संबंध में अपने गठबंधन के नेताओं को लिखे पत्र की फॉरेंसिक जांच कराकर सच्चाई सामने लाया जाए.
नल जल योजना भी चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट
श्री मरांडी ने कहा कि राज्य में भीषण गर्मी के बीच सभी जिलों में पानी, बिजली के गंभीर संकट से जनता जूझ रही है लेकिन राज्य सरकार को कोई चिंता नहीं है. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी नल जल योजना झारखंड में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई. पाइप बिछाने से लेकर बोरिंग करने में लूट मची है. निर्धारित मानकों का ख्याल नहीं रखा गया. भ्रष्टाचार के कारण अभी तक योजना पूरी भी नहीं हुई है. देश में न बिजली उत्पादन का संकट है और न फंड की, लेकिन कांग्रेस, झामुमो, राजद सरकार को केवल लूटने की चिंता है. जनता की समस्याओं से कुछ भी लेना देना नहीं. कहा कि राज्य सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले ही जो चपाकल लगाने केलिए स्वीकृति दी थी, उसे भी विधायकों की अनुशंसा के बावजूद अबतक नहीं लगाया गया जबकि आचार संहिता इसमें कहीं बाधक नहीं थी.
चुनाव परिणाम की समीक्षा पार्टी की सामान्य प्रक्रिया
श्री मरांडी ने कहा कि राज्य के सभी 14 लोकसभा क्षेत्र में भाजपा परिणामों की समीक्षा कर रही है.अलग अलग क्षेत्रों में तिथि निर्धारित है. प्रदेश के वरिष्ठ नेता गण इसमें शामिल होकर हार- जीत, दोनों की समीक्षा कर रहे.
भाजपा सतत क्रियाशील पार्टी है. हम केवल चुनाव के लिए राजनीति नहीं करते बल्कि हमारा लक्ष्य विकसित भारत,समरस भारत बनाना है. हम अंत्योदय और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद केलिए संकल्पित और समर्पित हैं.जमीनी स्तर पर समीक्षा से आगामी कार्य योजना एवम कार्यक्रम बनाने में मदद मिलती है. प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, सांसद बीडी राम भी उपस्थित थे.




