
Ranchi: स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार को बजरा स्थित न्यू पंचवटी ज्वैलर्स में डकैती के पीड़ितों से मुलाकात की. इस दौरान मंत्री ने ज्वैलरी शॉप के मालिक और कर्मियों से बात कर स्थिति का जायजा लिया. मौजूद सिटी एसपी को मंत्री बन्ना गुप्ता ने जल्द से जल्द मामले की जांच पूरी कर उद्भेदन करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने पुलिस गश्ती बढ़ाने, अपराधियों पर नकेल कसने, नशाखोरी रोकने, अपराधमुक्त रांची बनाने के लिये विधिसम्मत अभियान चलाने का निर्देश दिया. इस दौरान धनबाद के सरायढेला थाना अंतर्गत संजय अग्रवाल के घर पर चोरी की घटना का भी संज्ञान लिया, और धनबाद के वरीय पुलिस अधिकारी से फोन पर बात कर जल्द से जल्द अपराधियों के गिरफ्तारी की बात कहीं.
मीडिया से बात करते हुए बन्ना ने कहा कि व्यापारियों से अपील है कि भयमुक्त होकर कारोबार करें. सरकार पुरी सुरक्षा देंगी क्योंकि सरकार का मुख्य फोकस लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने में है. राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था बने रहें इसके लिये अधिकारियों के साथ बैठक और समय-समय पर दिशा-निर्देश दिया जा रहा है. किसी भी अपराधी को बक्शा नहीं जायेगा. सरकार की ओर से कड़ी से कड़ी कारवाई की जायेगी. पुलिस मजबूती से काम कर रही है. नशे के विरोध में रांची और जमशेदपुर में अभियान चलाया गया है. कोल्हान डीजीआई ने भी समिति बनायी है. ऐसे में पुलिस लगातार अपराध-नियंत्रण पर काम कर रही है.




