
Dhanbad : भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 101 वीं जन्म शताब्दी पर धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा धरना देकर झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. करीब दो दर्जन लोगों की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक ने कहा कि बहुमत की सरकार से न्याय की उम्मीद करनी बेमानी है. अपने हक के लिए पारा शिक्षक रांची में धरना पर बैठे थे. पारा शिक्षकों की आवाज को दबाने के लिए उनपर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई पारा शिक्षक जख्मी हुए.
इसे भी पढ़ें – आयुष्मान भारत योजना से दूर भाग रहे मरीज, गोल्डन कार्डधारी के इलाज में भी हो रही देरी
पारा शिक्षक और मीडिया कर्मी पर हमले की जांच हो
जिला अध्यक्ष ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार केवल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी-बड़ी बातें तो करती हैं, लेकिन धरातल में कुछ और ही है. उन्होंने कहा कि अगर पारा शिक्षक और मीडिया कर्मियों पर हुए हमले की न्यायिक जांच जल्द नहीं की तो सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन किया जाएगा. जिलाध्यक्ष विजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं करके ही अपना कालम पूरा कर देती है. शिक्षा के क्षेत्र में सरकार बड़ी घोषणाएं करती है कि लेकिन छात्रों को शिक्षा देने वाले शिक्षकों पर जिस तरह लाठीचार्ज किया गया, इससे सीएम की मानसिकता पहचान हो चुकी है. आने वाले चुनाव में इसका जवाब पारा शिक्षक जरूर देंगे.
इसे भी पढ़ें – राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने रघुवर सरकार को घेरा, ट्वीट कर कहा, सस्ती बिजली छोड़ ले रहे महंगी बिजली
सरकार की सभी घोषणाएं ठंडे बस्ते में
कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली के क्षेत्र में सीएम रघुवर दास ने जितनी घोषणाएं की हैं, सभी ठंडे बस्ते में बंद पड़ी है. न जनता को 24 घंटे बिजली मिल रही है और न ही स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है, यहां तक कि बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षकों को पर भी मांग करने पर लाठियां बरसाई जा रही है. यहां तक कि न्यूज़ कवरेज के दौरान मीडिया कर्मियों पर भी लाठियां चला दी, इसकी न्यायिक जांच की मांग पार्टी करती है.




