GiridihJharkhandLead NewsNEWS

चंद्र प्रकाश चौधरी ने गिरिडीह सीट के लिए दाखिल किया नामांकन, सम्राट चौधरी, बाबूलाल, सुदेश महतो, लंबोदर भी रहे मौजूद

Ranchi: गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए वर्तमान सांसद सीपी चौधरी ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया. एनडीए के आजसू प्रत्याशी चंद्र प्रकाश चौधरी के नामांकन के बाद बांधडीह हाई स्कूल मैदान में आयोजित जन आशीर्वाद नामांकन सभा में आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए गठबंधन देश के लिए समर्पित है. सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास ही एनडीए का मंत्र है. इसी मंत्र के आधार हम जनता से जन आशीर्वाद मांग रहे हैं. राष्ट्र हित हमारे लिए सर्वोपरि है. दूसरी तरफ इंडी गठबंधन की पहचान भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण से है. राज्य में आज सुबह से ही ‘आलमजी का आलम’ दिख रहा है. झारखंड की सरकार ने भ्रष्टाचार की सभी हदें पार कर दी हैं. एक और काली कमाई का ढेर साढ़े चार साल में इनकी करतूतों को उजागर कर रहा है. इस दौरान बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, चंद्र प्रकाश चौधरी ने भी सभा को संबोधित किया.

हर भ्रष्टाचारी को जेल भेजना मोदी की गारंटी: सम्राट

सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में मोदीजी के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं. सोने की चिड़िया कहा जाने वाला हमारा देश आज सोने के शेर बना रहा है. भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा है. आज हम दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था हैं. गरीब को लूटने वाले हर भ्रष्टाचारी को जेल भेजना मोदी की गारंटी है. केंद्र सरकार ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम किया है. बिहार में लालू यादव और झारखंड में शिबू सोरेन का एकमात्र उद्देश्य अपने परिवार की भलाई है.

जेएमएम-कांग्रेस झारखंड के विकास के विरोधी : बाबूलाल

बाबूलाल मरांडी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जेएमएम-कांग्रेस झारखंड, झारखंडियों और विकास के विरोधी हैं. साढ़े चार साल के अपने कार्यकाल में इस सरकार ने राज्य को लूटने का काम किया है. यह जमीन, पत्थर, कोयला, बालू लूटने वाली सरकार है. राज्य समेत देश की जनता गांव, गरीबों की चिंता करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाएगी.

जनता ने एनडीए को पुनः अपना विश्वास और समर्थन देने का निश्चय किया है : चंद्र प्रकाश

चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल जन सैलाब ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गिरिडीह लोकसभा की जनता ने एनडीए को पुनः अपना विश्वास और समर्थन देने का निश्चय किया है. प्रधानमंत्री मोदीजी की अगुवाई में इस कार्यकाल में कई विकास कार्यों की शुरुआत की गई है जिसका लाभ जनता को मिल रहा है. धन्यवाद ज्ञापन पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह गोमिया विधायक लंबोदर महतो द्वारा किया गया.

Related Articles

Back to top button