
Ranchi: राज्य के कुछ जिलों में पांच मई सबसे गर्मी और उमस भरा हो सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो पांच मई को राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस का अधिक असर देखा जायेगा. इसमें सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिहंभूम, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गोड्डा, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहेबगंज में गर्म हवाओं के साथ ही उमस का असर देखा जाएगा. जबकि 6 मई से राज्य के मौसम में बदलाव देखा जायेगा. जहां गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है.
मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो छह मई से राज्य के कुछ हिस्से में हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है. छह मई से राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हिस्से में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है. राज्य में 9 मई तक बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ ही राज्य में तेज हवाओं और वज्रपात का असर देखा जायेगा. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी. इसमें मुख्य रूप से दुमका, देवघर, पाकुड़, गोड्डा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ साहेबगंज में बारिश होने की संभावना है. वहीं, आठ और 9 मई को राज्य के अधिकांश हिस्से में बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है.
तापमान की बात करें तो आने वाले दो दिनों के दौरान तापमान में कमी दर्ज की जायेगी. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तापमान में आने वाले तीन दिनों के दौरान चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: लव जिहाद के खिलाफ आवाज उठाने वालों के लिए इंडी अलायंस अब वोट जिहाद का ले रहा सहाराः पीएम मोदी




