
Deoghar: अभी लोकसभा चुनाव का मौसम है. भाजपा ने बहुत पहले ही चौथी बार निशिकांत दुबे को चुनावी मैदान में प्रत्याशी बनाकर उतारा है. उनकी ओर से चुनाव प्रचार का रिहर्सल भी जारी है. आज इंडी गठबंधन की ओर से कांग्रेस ने महगामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है. अब दोनों के बीच हार जीत का खेला चलेगा. जिसमें कौन बाजीगर होगा यह तो 4 जून को चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा. गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के मतदाता सातवें व अंतिम चरण के मतदान में 1 जून को अपना मत ईवीएम का बटन दबा कर अपना फैसला सुना देंगे. फिलहाल इंडी गठबंधन की ओर से दीपिका पांडेय सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद गठबंधन में विरोध का स्वर भी तेजी से फैलने लगा है और रूठने मनाने का खेल जारी है.

इसी सिलसिले में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र पूर्व सांसद व टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे फुरकान अंसारी के विधायक पुत्र इरफान अंसारी ने झारखंड में एक भी अल्पसंख्यक को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने पर सोशल मीडिया में अपनी नाराजगी जाहिर की है. जिस पर भाजपा के कई नेता अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. भाजपा के मधुपुर नप के पूर्व अध्यक्ष संजय यादव ने सवाल पूछा है कि आप लोग कभी दलित की वकालत क्यों नहीं करते हैं. कभी निशिकांत दुबे को गोड्डा से भागलपुर भेजने की बात करने वाले कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया में लिखा है कि 18 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद झारखंड मे एक लोकसभा सीट मुसलमान को नहीं देना पार्टी की बहुत बड़ी भूल और आत्मघाती कदम होगा. पार्टी के इस निर्णय से समाज में भारी आक्रोश है. इतनी बड़ी आबादी को नजर अंदाज नहीं किया जाना चाहिए. कुछ नेताओं ने भ्रम फैलाया है कि अगर मुसलमान को टिकट दिया गया तो वोट का ध्रुवीकरण हो जाएगा तो इसकी क्या गारंटी है की अन्य जिसको भी टिकट दिया जा रहा है तो वह जीत जाएगा. 2 प्रतिशत, 3 प्रतिशत, 4 प्रतिशत वालों को टिकट मिल रहा है तो क्या 18 प्रतिशत वाला सिर्फ वोट देने के लिए है. पार्टी इस पर विचार करें नहीं तो लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा. मुसलमान के वोट को कांग्रेस पार्टी हल्के में ना लें. कांग्रेस पार्टी द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय को नजरअंदाज करने का ही नतीजा है कि अन्य राज्यों में अल्पसंख्यक समुदाय का वोट क्षेत्रीय पार्टी की तरफ रूख कर गया है. मुसलमान अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है. पार्टी इस पर पुनः विचार करें और इतनी बड़ी आबादी वाले समाज को उनका सही हक देने का काम करें. विधायक डॉ इरफान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर केसी बेनुगोपाल, राहुल गांधी, गुलाम अहमद मीर, इंडियन नेशनल कांग्रेस झारखंड, आल इंडिया कांग्रेस कमेटी व झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम आदि को टैग किया है. इसके बाद से लोगों में तरह तरह की प्रतिक्रिया जोरशोर से हो रही है.




