
Giridih : माहुरी वैश्य महामंडल की कुलदेवी मां मथुरासिनी की पूजा-अर्चना मंगलवार को गिरिडीह के कई हिस्सों में की गयी. इस दौरान शहर के भंडारीडीह स्थित माहुरी छात्रावास में ही पूजा-अर्चना की शुरुआत झंडोतोलन कर की गयी. इसके बाद छात्रावास स्थित मंदिर में मां मथुरासिनी की पूजा-अर्चना शुरू हुई. पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुए पूजा-अर्चना में इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. घंटों चले पूजा-अर्चना के बाद हवन हुआ. इसके बाद आरती हुई. श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. वहीं देर शाम छात्रावास परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर समाज की युवतियों ने भजनों पर मां दुर्गे के कई भावपूर्ण नृत्य पेश किये. देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गिरिडीह सांसद चन्द्रप्रकाश चौधरी भी पहुंचे. उनका स्वागत माहुरी वैश्य महामंडल के पदाधिकारियों ने किया. इधर महेशलुंडी में ही कुलदेवी मां मथुरासिनी की पूजा-अर्चना की गयी. इस दौरान विकास सेठ और रती सेठ ने सामूहिक रूप से मां मथुरासिनी की पूजा-अर्चना की. जबकि दोपहर में महेशलुंडी में भव्य शोभा यात्रा निकाली गयी. पूजा-अर्चना को सफल बनाने में सिद्धार्थ, संकेत, साहिल, पारस, पीयूष, अरमान, संजीत तर्वे, विवेक गुप्ता, अरुण भदानी, मनीष गुप्ता समेत अन्य श्रद्धालुओं ने खास भूमिका निभायी.



