
Ranchi: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तारीखों की घोषणा 16 मार्च को की जा चुकी है. साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गयी है. इसके बाद चुनाव लड़ने वाले कैंडिडेट के मामले में खासकर प्रचार-प्रसार के लिए कुछ प्रावधानों का पालन जरूरी हो गयी है. चुनाव लड़ने के इच्छुक कैंडिडेट्स के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए जाने के मामले में कुछ शर्तों का पालन जरूरी होगा. इस संबंध में सभी जिलों में डीसी के स्तर से सूचना जारी की जाने लगी है.
इसके मुताबिक, जिलों में डीसी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी- MCMC) गठित की गयी है. यह प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोशल मीडिया, केबल नेटवर्क एवं अन्य मामलों की गतिविधियों के संचालन एवं निगरानी का कार्य करेगी. ऐसे प्रत्याशी जो लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक होंगे, उन्हें किसी भी तरह के प्रचार सामग्री के प्रकाशन या प्रसारण होने की तिथि से 3 दिन पहले जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति कोषांग से परमिशन लेना होगा. अन्य व्यक्ति को 7 दिन पहले ऐसा करना होगा.
भरने होंगे आवेदन
निर्वाचन लड़ने वाले प्रत्याशी को इलेक्ट्रॉनिक्स, सोशल मीडिया, केबल नेटवर्क के माध्यम से कोई भी विज्ञापन प्रकाशित, प्रसारित करना हो तो निर्धारित फॉर्मेट (एनेक्सर-ए) भरकर इसे MCMC को देना होगा. उनके द्वारा इस पर किया जाने वाला व्यय कैंडिडेट के खाते में जोड़ा जायेगा. प्राप्त आवेदन के आलोक में विधिवत विज्ञापन प्रसारित करने को एनेक्सर-बी में परमिशन दी जायेगी. प्रिंट मीडिया में मतदान दिवस एवं मतदान दिवस के एक दिन पहले विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु MCMC की अनुमति जरूरी होगी.
आवेदन करते समय आवेदन पत्र के साथ प्रस्तावित विज्ञापन की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी का दो सेट, दो स्व अभिप्रमाणित हार्ड कॉपी, प्रस्तावित विज्ञापन का अनुमानित लागत, विज्ञापन कब-कब एवं कितनी बार प्रसारित होगा, टेलिकास्ट होगा, उसका विवरण भी देना होगा. आचार संहिता के दौरान किसी भी राजनीतिक दल, प्रत्याशी के द्वारा बिना MCMC कोषांग से परमिशन लिए किसी भी तरह के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री का प्रकाशन, प्रसारण पेड न्यूज की श्रेणी में रखा गया है.
बगैर मुद्रक, प्रकाशक के दस्तावेज का प्रकाशन अवैध
कोई भी व्यक्ति या राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव-2024 में प्रचार-प्रसार के लिए निर्वाचन पुस्तिका, बैनर, पंपलेट, पोस्टर या अन्य किसी प्रकार का दस्तावेज प्रकाशित करा सकता है. पर इसके मुख्य पृष्ठ पर मुद्रक और प्रकाशक का नाम, पता होना चाहिये वर्ना इस पर एक्शन हो सकता है. ऐसे किसी प्रकार के दस्तावेजों के मुद्रण के लिए पार्टी प्रमुख या उम्मीदवारों का सहमति पत्र के साथ दो ज्ञात व्यक्तियों द्वारा सत्यापित घोषणा पत्र मुद्रक या प्रकाशक को उपलब्ध कराना जरूरी होगा. प्रिंटिंग प्रेस के प्रोपराईटर, प्रकाशक इसके मुद्रण के संबंध में विस्तृत सूचना जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी को जरूर उपलपब्ध कराएंगे.




