Court NewsJharkhandRanchi

जेई भर्ती में बीटेक वाले आवेदन कर सकते हैं या नहीं इसपर HC में फैसला सुरक्षित, फैसला 6 मई को

Ranchi: जूनियर इंजीनियर (जेई) के करीब 1900 पद पर नियुक्ति में चार वर्षीय बीटेक इंजीनियरिंग डिग्री धारियों को भी झारखंड स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ( जेएसएससी) द्वारा परीक्षा में सीधे शामिल कराने को चुनौती देने वाली ऋचा राज की रिट याचिका की सुनवाई झारखंड हाई कोर्ट में हुई. मामले में कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया. हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की कोर्ट मामले में 6 मई को अपना आदेश सुनाएगी.

प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता अमृतांश वत्स  ने पैरवी की. उनकी ओर से कोर्ट को बताया गया कि जेएसएससी ने जूनियर इंजीनियर पद के लिए सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और एग्रीकल्चर में डिप्लोमाधारी अभ्यार्थियों के लिए विज्ञापन संख्या 4 /2023 निकला था. इसमें कहा गया था कि डिप्लोमा होल्डर के अलावा उच्च तकनीकी योग्यताधारी भी आवेदन देने के पात्र होंगे. प्रार्थी का कहना था कि इस पद के लिए 4 वर्षीय बीटेक इंजीनियरिंग धारी अभ्यर्थियों को सीधे परीक्षा में शामिल कराया जाना गलत है . विज्ञापन में शैक्षणिक पात्रता में कहीं भी बीटेक इंजीनियरिंग धारी अभ्यर्थियों को शामिल करने का उल्लेख नहीं किया गया था. यह पद डिप्लोमा धारी के लिए था. उच्च तकनीकी योग्यता धारी का तात्पर्य यह था कि जिन अभ्यर्थी ने 3 वर्षीय डिप्लोमा पास किया था और इसके बाद वह इस डिप्लोमा डिग्री के आधार पर इंजीनियरिंग कॉलेज में नामांकन लेकर 3 वर्ष अतिरिक्त पढ़ाई कर इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है, इन्हें शामिल किया जाना था. 4 वर्षीय बीटेक धारी अभ्यर्थियों के लिए अस्सिटेंट इंजीनियर का पद होता है. इस पद पर डिप्लोमा धारी अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सकते हैं.

असिस्टेंट इंजीनियर  पर वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने सरकार से संबंधित किसी  संस्थान से 4 वर्षीय बीटेक डिग्री प्राप्त की हो. लेकिन जूनियर इंजीनियर के पद के लिए अर्हता डिप्लोमा डिग्री रहती है. प्रार्थी की ओर से पटना, इलाहाबाद, मुंबई और उत्तराखंड हाई कोर्ट के जजमेंट का भी हवाला दिया गया. जिसमें जूनियर इंजीनियर के पद पर सिर्फ डिप्लोमा योग्यता रखने वाले को परीक्षा में शामिल करने की अनुमति दी गई थी. प्रार्थी का कहना था कि जूनियर इंजीनियर के पद पर भी 4 वर्षीय बीटेक धारी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे तो बहुत कम डिप्लोमा धारी अभ्यर्थी इस परीक्षा में सफल हो सकेंगे. प्रार्थी ने कोर्ट से विज्ञापन की शर्त उच्च तकनीकी योग्यता धारी को भी इस परीक्षा में शामिल करने का क्या मतलब है इसे स्पष्ट करने का आग्रह किया है.

इसे भी पढ़ें: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कौशल्या इंफ्रास्ट्रक्चर के निदेशक के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर HC ने 22 मार्च तक लगायी रोक

Related Articles

Back to top button