
Ranchi : राज्य ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की ओर से गुरुवार को ऊर्जा विकास निगम के समक्ष धरना प्रदर्शन सह घेराव किया गया. घेराव संघ की पांच सूत्री मांगों के लिए किया गया. अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ऊर्जा विकास निगम की बार-बार की वादाखिलाफी के कारण संघ को आंदोलन करना पड़ रहा है. निगम जब तक संघ की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा. श्री राय ने कहा कि पूर्व में भी दैनिक वेतन भोगियों के नियमितीकरण के लिए अलग-अलग राज्यों के हाइकोर्ट ने आदेश दिया था. जिसका पूर्व में भी हवाला दिया गया है. इसके बाद भी इन दैनिक कर्मियों के नियमितीकरण के लिए कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. इसमें लाइन मेंटनेंस, फिल्ड मेंटनेंस आदि का काम करते हैं. राज्य भर में सात हजार दैनिक कर्मी बिजली व्यवस्था की कमान संभालते हैं. इसके बाद भी प्रबंधन का रवैया इन कर्मियों के प्रति संवेदनहीन है.
ये हैं प्रमुख मांगें
2014 से कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों को कर्नाटक और झारखंड हाइकोर्ट के जजमेंट के आधार पर दस वर्ष वालों की सूची में शामिल करते हुए सीधा नियमित किया जाये. समान काम का समान वेतन व्यवस्था इन कर्मियों के लिए लागू किया जाये, पारा शिक्षकों की तरह दैनिक वेतनभोगियों की उम्र सीमा 60 वर्ष निर्धारित की जाये. एजेंसी व्यवस्था समाप्त कर पूर्व की मानव दिवस व्यवस्था लागू की जाये. प्रबंधन, कनीय प्रबंधक समेत अन्य पदों के लिए आंतरिक बहाली निकाली जाती है. इसी आधार पर तृतीय और चतुर्थ वर्गीय कर्मियों के लिए आंतरिक बहाली निकाली जाये.



