
Ranchi: कोल इंडिया की ओर से गिरिडीह में सोलर प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है. प्रोजेक्ट के तहत कोल इंडिया की ओर से गिरिडीह में सौर बिजली उत्पादन के लिये सोलर प्लांट लगाया जा रहा है. इसके तहत दो प्रोजेक्ट पर कोल इंडिया की टीम काम कर रही है. जहां गिरिडीह में चार मेगावाट के प्लांट पर युद्ध गति से काम चल रहा है. यह प्रोजेक्ट अप्रैल तक तैयार हो जायेगा और उत्पादन भी शुरू कर दिया जायेगा. इसी के साथ दूसरे सोलर प्लांट के लिये जमीन चिह्नित करने का काम भी शुरू कर दिया गया है. जमीन के लिये गिरिडीह जिला प्रशासन से भी कोल इंडिया के कर्मी लगातार संपर्क में है. जानकारी हो कि सोलर प्रोजेक्ट में कोल इंडिया, सीसीएल और के साथ सीएमपीडीआई के साथ काम कर रहा है.
425 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य: सीसीएल की मानें तो अपने क्षेत्र में 425 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है. जो सौर उर्जा के तहत उत्पादन की जायेगी. उत्पादित बिजली कोल इंडिया के अनुषंगी कंपनियों के लिये होगी. जो इस क्षेत्र में कार्यरत हो. उत्पादित सौर ऊर्जा से सारी जरूरतें पूरी होंगी. गिरिडीह के अलावा बीएंडके, कथारा, बरका सयाल, पिपरवार में भी सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए जगह की तलाश की जा रही है. जानकारी हो कि राज्य सरकार की ओर से गिरिडीह को सोलर सिटी के रूप में विकसित किये जाने पर कार्य तेजी से जारी है. राज्य सरकार की ओर से उर्जा विभाग, जरेडा और जेबीवीएनएल की ओर से इस पर काम किया जा रहा है. ऐसे में कोल इंडिया की ओर से अगर जिला में सौर उर्जा उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है तो इससे राज्य में सौर उर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा.




