
Bengaluru : युवा हरफनमौला खिलाड़ी अनुकूल राय के चार विकेट से झारखंड ने विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के बारिश से प्रभावित क्वार्टर फाइनल में रविवार को यहां महाराष्ट्र को वीजेडी पद्धति से आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की. सेमीफाइनल में झारखंड का सामना दिल्ली से होगा.यह मैच 18 अक्टूबर को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. महाराष्ट्र की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.2 ओवर में 181 पर आल आउट हो गयी. बारिश के कारण मैच में दो बार रूकावट आयी जिससे झारखंड को वीजेडी प्रणाली से पहले 47 ओवर में 174 और फिर 34 ओवर में 127 रन का लक्ष्य मिला जिसे उन्होंने 32.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.
इसे भी पढ़ें – IAS और IFS से भी नहीं संभला जेपीएससी, दो अध्यक्ष भी नहीं करा सके प्रक्रिया पूरी, लोकसभा चुनाव के बाद ही परीक्षा की संभावना
अनुकूल ने नौ ओवर में 32 रन देकर चार विकेट लिये
झारखंड के कप्तान इशान किशन ने टास जीत कर गेंदबाजी का फैसला किया जिसे गेंदबाजों ने सही साबित किया. तेज गेंदबाज वरूण आरोन (47 पर दो विकेट) ने महाराष्ट्र को शुरूआती झटका दिया तो वहींं अनुकूल ने मध्यक्रम को धराशाई किया. अनुकूल ने नौ ओवर में 32 रन देकर चार विकेट लिये. राहुल शुक्ला (35 पर तीन विकेट) ने पुछल्ले बल्लेबाजों को चलता किया. महाराष्ट्र की तरफ से रोहित मोटवानी (52) और कप्तान राहुल त्रिपाठी (47) ही झारखंड के गेंदबाजों का सामना कर सकें. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी हुई. लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड के लिए शाशीम राठौर (नाबाद 53) ने अनुभवी सौरव तिवारी (नाबाद 29) के साथ 66 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी.




