
Beijing : इंटरपोल के प्रमुख मेंग होंगवेई ने इस्तीफा दे दिया है. रविवार देर रात इंटरपोल ने घोषणा की कि उन्हें अपने प्रमुख मेंग होंगवेई का इस्तीफा मिल गया है. इंटरपोल ने अपने एक बयान में कहा है कि मेंग ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है. उनके स्थान पर दक्षिण कोरिया के किम जोंग यांग कार्यवाहक प्रमुख बनाये गये हैं. बता दें कि मेंग 25 सितम्बर से लापता हैं. चीन को मेंग पर कानून का उल्लंघन करने का संदेह है. हांगकांग के मीडिया के अनुसार 64 साल के मेंग चीन की हिरासत में हैं. उनसे पूछताछ की जा रही है. पूर्व में इंटरपोल ने मेंग होंगवेई को हिरासत में लिये जाने के बाद चीन की सरकार से स्पष्टीकरण मांगा था. इस क्रम में चीन ने रविवार को जवाब कि इंटरपोल के चीफ मेंग होंगवेई कानून के उल्लंघन के कारएा जांच के दायरे में हैं.
इसे भी पढ़ें : इंटरपोल के अध्यक्ष मेंग होंगवेई लापता, फ्रांस से चीन रवाना हुए थे
चीन में उतरते ही मेंग को हिरासत में लिया गया था
चीन के स्थानीय अखबार के अनुसार चीन में उतरते ही मेंग को हिरासत में लिया गया था. फ्रांस पुलिस को इस बारे में जानकारी देते हुए मेंग की पत्नी ने कहा था कि उनकी मेंग से आखिरी मुलाकात चीन रवाना होने से पहले सितंबर के आखिरी सप़्ताह में हुई थी. रिपोर्ट के अनुसार मेंग 29 सितंबर को फ्रांस से चीन रवाना हुए थे. इंटरपोल का हेड क्वार्टर फ्रांस के लियॉन शहर में है. मेंग चीन की राजनीति में समय गुजारने के बाद दो साल पूर्व इंटरपोल के अध्यक्ष बने थे. 192 देशों की सदस्यता वाला इंटरपोल एक शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसी है. बता दें कि चीनी मूल के मेंग नवंबर 2016 में इंटरपोल के अध्यक्ष मनोनीत हुए थे. उसके बाद मानवाधिकार संगठनों ने आशंका जताई थी कि चीन विदेशों में असहमति के स्वरों को दबाने के लिए मेंग को परेशान कर सकता है.




