
Palamu: मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के हमीदगंज बीएन कॉलेज ग्राउंड के पास गत 8 सितंबर की संध्या 6 बजे हुई राजेश कुमार वर्मा उर्फ फंटूस की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही हत्या में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, एक 7.65 की पिस्टल, दो खोखा आदि बरामद किए हैं. इस घटना को पांच अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया था. एक अपराधी फरार है. सभी चारों अपराधियों को सोमवार को जेल भेज दिया गया. इस संबंध में राजेश के भाई राकेश वर्मा ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को बताया कि 8 सितम्बर की शाम 6 बजे राजेश कुमार वर्मा उर्फ फंटूस की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. राजेश का मर्डर हत्या का बदला था. उन्हांेने बताया कि जून 2020 में शहर थाना क्षेत्र के सुदना में बीसफुटा पुल के समीप अपराधकर्मी कुणाल सिंह की हत्या कर दी गयी थी. इस हत्या का बदला राजेश कुमार वर्मा उर्फ फंटूस की गोली मारकर ली गयी। कुणाल गैंग का अपराधी होने के बावजूद राजेश ने डब्लू सिंह गैंग से मिला गया था और बताया था कि कुणाल डब्लू सिंह की हत्या की योजना बना रहा है. डब्लू ने कुणाल की हत्या इसी वजह से करा दी थी.
एसपी ने बताया कि फंटूस हत्याकांड की योजना कुणाल सिंह के भाई चंदन सिंह ने बनाई थी. प्लानिंग के तहत चंदन सिंह ने इस घटना को अंजाम देने के लिए पहाड़ी मुहल्ला श्मशान घाट के पास रहने वाले तारिक शाह पिता अबूल हसन, अघोर आश्रम रोड के निवासी अमृतेश्वर सिंह उर्फ छोटका बाबू, चेयरमैन रोड निवासी सोनू कुमार चन्द्रवंशी उर्फ यश वर्मा एवं एक अन्य को अपने साथ शामिल किया था. सभी बाइक से राजेश वर्मा के घर के समीप पहुंचे और रास्ते में ही फंटूश पर गोली चला दी.
एसपी ने बताया कि गोली सोनू ने मारी थी. उसके खिलाफ लूटकांड का मामला दर्ज है. इसी तरह अमृतेश्वर सिंह के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. चंदन सिंह के खिलाफ अपहरण सहित अन्य मामले दर्ज हैं. तारिक शाह को पहली बार जेल भेजा गया है.
गिरफ्तारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, टाउन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अभय कुमार सिन्हा, पु.अ.नि. ऋषिकेश राय, टीओपी वन प्रभारी रेवाशंकर राणा, टीओपी 3 प्रभारी मन्तुष्ट महतो, सदर थाना से स.अ.नि. अभिमन्यु कुमार, शहर थाना से स.अ.नि. नबी अंसारी, हवलदार मानवेल मुर्मू, आरक्षी सारीक इरसाद, संतन कुमार मेहता एवं सहायक आरक्षी प्रफूल्ल कुमार सिंह शामिल थे.




