
Sahibganj: सदर अस्पताल परिसर में संचालित किडनी डायलेसिस सेंटर में होने वाले गरीब मरीजों की निःशुल्क डायलेसिस सेवा 1 सितंबर से बंद होने की सूचना पर तत्काल रोक लगाते हुए कार्यकारी एजेंसी एस्कैग संजीवनी प्राइवेट लिमिटेड ने सेवा जारी रखने की बात कही है. बता दें कि इससे पहले एस्कैग संजीवनी प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी के राज्य प्रशासक अभिमन्यु मिश्रा ने पत्र भेज कर साहिबगंज के सीएस और डीएस को देते हुए एक सितंबर से गरीबों को दिए जाने वाले निःशुल्क सेवा को बंद करने की बात कही थी.
बकाए को लेकर सेवा बंद करने की कही थी बात
इस संबंध में एस्कैग संजीवनी प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी के राज्य प्रशासक अभिमन्यु मिश्रा ने बताया कि सरकार के पास उनका पूर्व में निःशुल्क डायलेसिस के एवज में काफी बकाया है, जिसका भुगतान नहीं होने के कारण एजेंसी गरीब मरीजों को निःशुल्क सेवा देने में असमर्थ हैं. इसलिए राज्य के सभी केंद्रों पर निःशुल्क सेवा 1 सितंबर से नहीं होगी जबकि सशुल्क डायलेसिस सेवा जारी रहेगी. इस मामले को लेकर सदर अस्पताल के डीएस डॉ मोहन पासवान ने सीएस डॉ अरविंद कुमार से चर्चा करते हुए इस सेवा को पुनः चालू करने का अनुरोध किया. जिसके बाद डीएस डॉ मोहन पासवान ने एजेंसी से सेवा जारी रखने की अनुरोध किया और यह आश्वासन दिया कि साहिबगंज जिला का जो भी बकाया है वह उपायुक्त से मिलकर दिलाने का काम करेंगे. इसके बाद एजेंसी के जिला सयोजक विश्वजीत कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद जिले में किडनी के गरीब मरीजों का निःशुल्क डायलेसिस सेवा जारी कर दिया गया है. इससे किडनी के गरीब मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है.




