
Palamu: राज्य मॉब लिंचिंग की घटनाएं कम नहीं हो रही है. पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र के तीसीबार गांव में ग्रामीणों की भीड़ ने बुधवार की रात बेरहमी से पीटकर एक व्यक्ति की जान ले ली. जबकि घटना में दो लोग घायल हुए हैं. उन्मादी भीड़ से सभी को छुड़ाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी. बिहार के डेहरी ऑनसोन से विकास मुसहर, बबलु मुसहर व गुड्डू मुसहर शादी के लिए लड़की देखने तीसीबार में लल्लु मुसहर के घर आए थे. उसी दौरान गांव में चोर के आने की अफवाह फैली. ग्रामीण लल्लु मुसहर के घर पहुंच गए. घर में बैठे मेहमान बबलु, गुड्डू व विकास को उठाकर अपने साथ ले गए. उन्हें बुरी तरह पीटने भी लगे. भीड़ उन्हें जान से मारने पर उतारू थी. लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा गया.
इसे भी पढ़ें- मगध कोलियरीः साइडिंग के बदले अवैध डिपो में कोयला जमा कर रही ट्रांसपोर्ट कंपनियां
करनी पड़ी चार राउंड हवाई फायरिंग
घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली. डीएसपी सुरजीत कुमार अपने दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे. ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया. लेकिन ग्रामीण पुलिस से उलझ पड़े. किसी हाल में मुसहर भाईयों को छोड़ने के लिए ग्रामीण तैयार नहीं थे. पुलिस को उनको बचाने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी. इसके बाद तीनों को ग्रामीणों की भीड़ से छुड़ाया जा सका. तत्काल विश्रामपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. इलाज के दौरान बबलु मुसहर की मौत हो गयी. विकास व गुड्डू को जख्मी हालत में सदर अस्पताल बेहतर इलाज के लिए लाया गया. ग्रामीण मंगलवार को गांव के कालेश्वर साव के घर में चोरी का आरोप तीनों पर लगा रहे थे. इस घटना में कालेश्वर के परिवार पर चोरों ने हमला किया था. इसी का बदला ग्रामीण लेना चाह रहे थे.
इसे भी पढ़ें- सीएम ने चीन में कहा- झारखंड में फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश के लिए आगे आयें
रात में ही अस्पताल पहुंचे एसपी
मॉब लिचिंग की घटना में जख्मी को बेहतर इलाज की सुविधा दिलाने के लिए रात में ही एसपी इंद्रजीत महथा सदर अस्पताल पहुंचे. गुरूवार को घटनास्थल पर भी गए थे. ग्रामीणों को कानून की जानकारी दी. श्री महथा ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द सजा दिलायी जायेगी.




