
Ranchi: जमशेदपुर एसीबी की टीम ने ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के कार्यालय के रोकड़पाल को 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है. आरोपी रोकड़पाल भवतरण सिंह को एसीबी की टीम ने शुक्रवार को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी रोकड़पाल के खिलाफ निराकर बिरुआ ने जमशेदपुर एसीबी से लिखित शिकायत की थी कि कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के कार्यालय से रेलाडीह पंचायत में उच्च विघालय मंझारी खेल मैदान के लिये चेंजिग रुम, शौचालय, पेयजल आदि की सुविधा गैलरी निर्माण कार्य योजना के लिये निविदा निकाली गई थी.
इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में प्रभारी पंचायत सचिव रविद्र साहू रंगे हाथ 16500 रुपये घूस लेते चढ़ा एसीबी के हत्थे
इस निविदा के लिए पीड़ित ने भी आवेदन दिया था. योजना की स्वीकृति पीड़ित के नाम से हुई तो पीड़ित कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा गए. जहां रोकड़पाल भवतरण सिंह से कार्यादेश के लिये अनुरोध किया. रोकड़पाल भवतरण सिंह ने कहा कि कार्ययोजना की निर्धारित प्राक्कलित राशि 1246700 रुपये का 8 प्रतिशत के हिसाब से 99 हजार रुपया लगेगा. तभी कार्यादेश मिलेगा. काफी मनोवल के बाद 50 हजार रुपये पर कार्यादेश के लिये रोकड़पाल तैयार हुआ. शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम मामले की जांच की. इसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी रोकड़पाल को 50 हजार घूस लेते गिरफ्तार कर लिया.




