
Nikhil Kumar
Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के नागरिकों को सरकारी नौकरी देने के वादे को पूरा करते हुए 22 जून को युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण करेंगे. इस दिन वे स्थानीय मोरहाबादी मैदान से राज्य के पांच प्रमुख विभाग पंचायती राज, राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग व वित्त विभाग, वाणिज्य कर विभाग में नियुक्ति का रास्ता खोलते हुए युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. पंचायती राज विभाग सहित, रांची जिला प्रशासन नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तैयारी कर रहा है. पंचायती राज विभाग में जिला स्तरीय नियुक्ति होनी है जबकि अन्य विभाग में राज्य स्तरीय नियुक्तियां की जाएंगी.
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग से अनुशंसित नवनियुक्त 1633 पंचायत सचिवों को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा. रैंकिंग के अनुसार नियुक्ति पत्र वितरित किया जायेगा. इसके अलावा वित्त विभाग में कोषागार पदाधिकारी और निम्नवर्गीय लिपिक की नियुक्ति होगी. अन्य विभागों में भी नौकरी दी जायेगी. सबसे कम नियुक्ति पत्र खाद्य आपूर्ति विभाग में 35 लोगों के बीच वितरित किया जायेगा. भू-राजस्व में लगभग 750, वित में 150 को नियुक्ति मिलेगा. सीएम इस दिन राज्य में और भी नई नियुक्ति की घोषणा करेंगे. लगभग 2500 से अधिक पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित की जाएगी.
सभी जिलों को लिखा गया पत्र
पंचायती राज विभाग के सचिव राजीव अरूण एक्का ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखा है. सचिव ने कहा कि वे सुनिश्चित करायें कि 22 जून को सारे पंचायत सचिव समारोह स्थल में उपस्थित हों. इससे पूर्व सारी कागजी प्रक्रिया भी पूर्ण करने को कहा है. बता दें कि, 2017 में ही राज्य कर्मचारी चयन आयोग से इनकी नियुक्ति की अनुशंसा की गयी थी, लेकिन कार्मिक विभाग के एक पत्र की वजह से नियुक्ति रूकी हुई थी. अब विभाग ने सरकार की अनुमति के बाद नियुक्ति पर लगी रोक को हटा दिया है. इसके बाद ही नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है. पंचायत सचिवों की नियुक्ति होने के बाद पंचायत सचिवालय के कार्य बेहतर होंगे. पंचायती राज, सहित ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन उचित तरीके से हो सकेगा.
इन जिलों में इतने पंचायत सचिवों को दिया जायेगा योगदान पत्र
गढ़वा-74, पलामू-74, लातेहार-29, चतरा- 62, हजारीबाग- 117, कोडरमा- 53, गिरिडीह- 121, देवघर- 52, गोड्Þडा- 80, साहेबगंज- 58, पाकुड़- 34, दुमका- 72, जामताड़ा- 39, धनबाद- 89, बोकारो- 152, रामगढ़- 94, लोहरदगा- 25, गुमला- 34, रांची- 81, सिमडेगा- 22, प.सिंहभूम- 82, सरायकेला-खरसावां- 47, पूर्वी सिंहभूम- 109 . कुल: 1633
इसे भी पढ़ें: दहेज प्रताड़ना के आरोपी महाराष्ट्र के डॉक्टर को ट्रांजिट रिमांड पर रांची कोर्ट में किया पेश, जेल




