
Chatra: जिले में ड्रग पैडलरों के विरुद्ध पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. 4 किलो 600 ग्राम अफीम, दो क्विंटल 18 किलो डोडा, एक ग्राम ब्राउन सुगर व दो एल्युमिनियम पन्नी के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित सदर और राजपुर थाना पुलिस की विशेष टीम को कामयाबी हाथ लगी है. सदर थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के विंड मोहल्ला नउवा टोली में ब्राउन सुगर खरीद बिक्री व उपयोग को लेकर तस्करों का एक गिरोह सक्रिय है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम बनाकर अभियान चलाया गया.
इसे भी पढ़ें: चतरा के बनियाबांध गांव में 218 किलो अफीम डोडा व 4.6 किलो अफीम बरामद, मौके से आरोपी फरार
इस दौरान एक ग्राम ब्राउन सुगर व एल्युमिनियम पन्नी के साथ चार तस्करों मो साजिद, मो रिजवान, मो छोटू व मो आलम को दबोचा गया है. सभी गिरफ्तार तस्कर शहर के अंसार नगर व वादी ए ईरफा मोहल्ले के रहने वाले हैं. वहीं राजपुर थाना क्षेत्र के बनियाबांध गांव से 4 किलो 600 ग्राम अफीम, दो क्विंटल 18 किलो डोडा बरामद किया गया है. हालांकि यहां तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे. जिनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जल्द ही फरार तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. अभियान में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक मनोहर करमाली, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक रजक, सहायक अवर निरीक्षक महेंद्र ठाकुर व गोकरण कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.




