Court NewsJharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsRanchiTOP SLIDERTop Story

Army Land Scam: अमित अग्रवाल और दिलीप घोष 72 घंटे की ईडी रिमांड पर, सोमवार को अगली पेशी

Ranchi. बरियातू रोड स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की अवैध तरीके से खरीद बिक्री मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए कोलकाता के व्यवसाई अमित अग्रवाल एवं जगत बंधु टी इस्टेट के मालिक दिलीप घोष से ईडी 72 घंटे तक पूछताछ करेगी. शुक्रवार को ईडी के विशेष न्यायाधीश दिनेश राय की कोर्ट ने ईडी को इन दोनों से पूछताछ के लिए 72 घंटे के रिमांड की अनुमति दी. 72 घंटे की अवधि उस समय शुरू होगी जब ईडी पूछताछ के लिए उन्हें अपनी कस्टडी में लेगी. इससे पहले गुरुवार को ईडी ने इन दोनों से पूछताछ के लिए 5 दिनों की रिमांड कोर्ट से मांगी थी. गुरुवार को कोर्ट में पेशी के बाद इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था. इन दोनों की गिरफ्तारी 7 जून को देर रात कोलकाता से हुई थी. गिरफ्तारी से पहले ईडी ने उनसे पूछताछ की थी, लेकिन दोनों ने ईडी की टीम को संतोषजनक जवाब नहीं दिया था.
इसे भी पढ़ें: जल्द कोयला खनन शुरू होने से भरेगा झारखंड का खजाना, राजस्व के साथ-साथ बढ़ेगा रोजगार

बताया जा रहा है कि दिलीप घोष ने ही बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली जमीन की खरीदारी की थी. इस मामले में ईडी ने दिलीप घोष को 10 मई को पूछताछ के लिए समन जारी किया था लेकिन वह ईडी के समक्ष हाजिर नहीं हुआ था, पेश नहीं होने का उसने कोई कारण भी नही बताया था.

बता दें कि इस मामले में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन और बड़गाई के राजस्व कर्मचारी भानुप्रताप समेत सहित 18 लोगों के 22 ठिकानों पर 13 अप्रैल को ईडी ने पहले छापेमारी की थी. इस दौरान बड़ी संख्या में जमीन के फर्जी डीड , मुहर एवं अन्य कागजात ईडी को मिले थे. जिसके बाद 14 अप्रैल को ईडी ने सात आरोपियों राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप, प्रदीप बागची, अफसर अली, इम्तियाज खान तलहा खान, फैयाज खान एवं मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार किया था. इन पर जमीन के दस्तावेज में छेड़छाड़ करने का आरोप था, बाद में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन को भी इस मामले में संलिप्तता के आधार पर 4 मई को गिरफ्तार किया गया था. बताया जाता है कि प्रदीप बागची ने सेना की उक्त जमीन जिस दिलीप घोष को बेची थी, उस कंपनी का अघोषित मालिक अमित अग्रवाल है , इसी आधार पर ईडी ने अमित अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया है.

Related Articles

Back to top button