
Ranchi: यौन शोषण मामले के आरोपी सार्जेंट दीपक टोप्पो के खिलाफ हजारीबाग कोर्ट में विचारधीन मामले को हाईकोर्ट ने रांची न्यायालय ट्रांसफर कर दिया है. मामले से जुड़ी न्यायिक प्रक्रिया अब रांची के ज्यूडिशियल कमिश्नर कोर्ट में होगी. दरअसल, सार्जेंट दीपक टोप्पो पीड़िता को रुपया लेकर केस मैनेज/कॉम्प्रोमाइज करने के लिए लगातर दबाव बना रहा था. बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था. ऐसे में पीड़िता को न्यायिक प्रक्रिया के लिए हजारीबाग न्यायालय जाना मुश्किल हो गया था.
पीड़िता ने सुरक्षा के मद्देनजर हाईकोर्ट में ट्रांसफर पिटिशन फ़ाइल किया. जिससे कि मामले की न्यायिक प्रक्रिया रांची में पूरी की जा सके. हाईकोर्ट में ट्रांसफर पिटिशन की सुनवाई न्यायाधीश गौतम कुमार चौधरी की अदालत में हुई.
इस संबंध में पीड़िता ने थाना से लेकर, एसपी आफिस (रांची) और एसपी आफिस (हजारीबाग) में कई बार लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें पीड़िता ने बताया कि सार्जेंट लगातार रूपया लेकर केस मैनेज करने को मजबूर कर रहा है, और बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है. पूर्व में भी सार्जेंट ने पीड़िता को हजारीबाग में डराया, धमकाया और बंधक बनाकर रखा था.
क्या है मामला
सदर महिला पुलिस स्टेशन, हजारीबाग में सार्जेट के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारारिक शोषण के आरोप में कांड संख्या 20-2020 के तहत एफआइआर दर्ज किया गया था.
पुलिस स्टेशन में एफआइआर दर्ज होने के बाद केस से बचने की नियत से सार्जेंट ने पीड़िता के साथ कोर्ट मैरेज कर लिया, लेकिन, कोर्ट मैरिज होते ही सार्जेंट ने पीड़िता को अपने साथ रखने से इंकार कर दिया साथ ही शारिरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने लगा. जिसके बाद 22 फरवरी को सार्जेंट को अरेस्ट कर हजारीबाग जेल भेज दिया गया था. अभी सार्जेंट बेल पर है.




