
Koderma: जिला मुख्यालय से सटे फुलवरिया और डुमरियाटांड़ से बिरहोर बच्चों को लेकर आ रहे वाहन को वन्य प्राणी आश्रयणी के रेंजर रामबाबू ने बुधवार की सुबह रोक दिया. इन दो गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहे वैन से बच्चों को उतारकर वैन को सीज कर लिया. ग्रामीणों ने बताया कि रेंजर का कहना था कि बिना मेरे परमिशन के इस रास्ते से बच्चे नहीं आ जा सकते हैं.

जब गांव में ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने रेंजर कार्यालय का घेराव कर दिया. इस दौरान वहां तोड़फोड़ भी की. वैन से उतारे गए सभी बच्चे बालाजी पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं. ज्ञात हो कि फुलवारी और डुमरियाटांड़ कोडरमा नगर पंचायत का हिस्सा है जहां जाने के लिए कोडरमा वन्य प्राणी आश्रयणी होकर रास्ता है. वन विभाग के एनओसी नहीं मिलने के कारण अबतक इस गांव में ना तो बिजली पहुंची है और ना ही अच्छा रास्ता बन पाया है. इधर स्कूल के छोटे बच्चों वाले वैन को रोकने से ग्रामीण आक्रोशित हैं.




