
Chatra : सिमरिया थाना क्षेत्र के जिरवा खुर्द गांव में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतका का बस इतना कसूर था कि वह अपने पति को बेवजह अत्यधिक खर्च करने से मना कर रही थी. इसी बात को लेकर पत्नी से खफा पति ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया. जिसे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव के ही जंगल से गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के जिरवा खुर्द गांव निवासी कीटा भुइयां अपनी पत्नी गुड़िया देवी के साथ शनिवार को सिमरिया बाज़ार गया था. बाजार में घरेलू सामान खरीदने के बाद कीटा ने अपने एक रिश्तेदार को भी कुछ सामान खरीद कर दे दिया. जिसका विरोध करते हुए मौके पर मौजूद उसकी पत्नी उसे बेवजह अत्यधिक खर्च करने से मना करने लगी. पत्नी द्वारा मना करने के बाद दोनों के बीच बाजार में ही तू-तू-मैं-मैं शुरू हो गई. जिसके बाद दोनों बाजार से वापस घर लौट गए. इसी बात को लेकर देर रात फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि रविवार के अहले सुबह कीटा ने अपनी पत्नी की लाठी डंडों से जमकर पिटाई कर दी. जिससे मौके पर ही गुड़िया की मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें- पूर्व विधायक विनोद सिंह भी हैं तैयार, क्या जयंत सिन्हा करेंगे मॉब लिचिंग पर बहस ?
शव को छोड़कर जगंल में भाग गया पति
घटना को अंजाम देने के बाद सनकी पति शव को घर में छोड़कर गांव से फरार हो गया. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी सिमरिया थाना पुलिस को दी. घटना की सूचना पाकर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक शंभू शरण दास दल बल के साथ जिरवा खुर्द पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं ग्रामीणों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर गांव से सटे जंगल में छापामारी अभियान चलाकर आरोपी हत्यारे पति को भी गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार कीटा भुइयां से गहन पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद ही घटना के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं




