
Palamu: जिले के पांकी बाजार में सोमवार से करीब करीब सारी दुकानें खुल गई हैं. इसके साथ ही बाजार क्षेत्र की रौनक लौट आई है. ग्राहकों ने समय से पहुंचकर खरीददारी भी की. हालांकि आम दिनों की तुलना में ग्राहकों की संख्या कम थी. इसके साथ ही स्थिति सामान्य की ओर बढ़ चला है, लेकिन बंदिशे अभी बरकरार है. धारा 144 नहीं हटाई गई है. पांकीवासियों को अभी बंदिशों से मुक्ति के लिए कुछ दिन इंतजार करना पड़ेगा. जगह जगह पुलिस की तैनाती है. बताते चलें कि गत 15 फरवरी को पांकी बाजार में महाशिवरात्रि का तोरण द्वार लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था. हिंसक झड़प के बाद पथराव हुआ था.
इसे भी पढ़ें: गढ़वा : मदरसे में बच्चों से यौन शोषण, थाने में मुफ्ती की शिकायत-पुलिस जांच में जुटी
प्रशासन को स्थिति नियंत्रण में करने के लिए प्रखंड क्षेत्र में धारा 144 लगानी पड़ी थी. चार दिनों तक इंटरनेट सेवा बंद करनी पड़ी थी. 19 फरवरी को इंटरनेट बहाल हुआ है, जबकि इसी दिन पांकी थाना में दोनों समुदायों के साथ शांति समिति की बैठक की गई. इस बैठक में दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया था. इस विवाद में दोनों पक्षों की ओर से अबतक 18 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. 150 से अधिक नामजद और तीन हजार के आस पास अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है.
जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि सोमवार से पांकी क्षेत्र की सारी दुकानें खुल गई हैं. स्थिति सामान्य है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था अभी बरकरार है. धारा 144 नहीं हटाई गई है. उन्होंने कहा कि जैसे जैसे स्थिति पूर्व की तरह बहाल होगी, उसके बाद निषेधाज्ञा हटाने का निर्णय लिया जाएगा. दुकानें खुलने के बाद उन्होंने पांकी क्षेत्र का जायजा लिया था. देखा कि लोग अपने घरों से निकले खरीददारी भी की. सभी लोगों को संयम बरतने और विवाद से दूर रहने की सलाह दी गई है.
इधर, दुकानदारों और आम नागरिकों ने दुकानें खुलने के बाद राहत की सांस ली है. चार से पांच दिनों तक दुकानें बंद रहने से करोड़ों का व्यापार प्रभावित हुआ है. इतनी अवधि तक पांकी की पूरी आबादी घरों में कैद रही थी.




