
Kodarma: सोमवार को कोडरमा जिला से सटे इंदरवा में वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. यहां कई सालों से हो रहे ब्लू स्टोन के अवैध उत्खनन को लेकर इसके माइंस को बुलडोजर यानि जेसीबी के जरिए भरने की कार्रवाई शुरू की गई है. वन्य प्राणी आश्रयणी के डीएफओ अवनीश चौधरी, कोडरमा डीएफओ सूरज कुमार, एसडीओ संदीप कुमार मीणा, एसडीपीओ प्रवीण पुष्कर, कोडरमा थाना प्रभारी द्वारिका राम, पुलिस इंस्पेक्टर राम नारायण ठाकुर, रेंजर रामबाबू, रेंजर सुरेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में काफी संख्या में पहुंचे पुलिस बल और वन विभाग के कर्मी यहां मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में जंगली हाथियों का आतंक, दो दिनों में चार की कुचले जाने से हो चुकी है मौत
जेसीबी के जरिए ब्लूस्टोन के खदान को भरने की कार्रवाई होने से लगभग 25 से 30 साल से इस इलाके में चल रहा ब्लूस्टोन का अवैध कारोबार बंद हो जाएगा. बता दें कि जिस इलाके में ब्लूस्टोन का उत्खनन होता है वह वन्य प्राणी आश्रयणी में आता है और यहां के लोग तथा जनप्रतिनिधि लंबे अरसे से इस इलाके को वन्य प्राणी आश्रयणी से बाहर करने की मांग करते रहे हैं. वह तो नहीं हुआ लेकिन ब्लू स्टोन का कारोबार चलता रहा. लोग ब्लूस्टोन निकालकर जयपुर या अन्य बड़े शहरों को ले जाकर बेचते हैं और इस ब्लूस्टोन के जरिए यहां 5 से 10 हजार परिवारों की रोजी-रोटी चलती है.
सोमवार को हुई इस बड़ी कार्रवाई के तहत संयुक्त रूप से बड़ी संख्या में अधिकारियों के साथ पुलिस बल के जवान पहुंचे और माइंस को भरने का काम शुरू किया गया. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया. कोडरमा गिरिडीह रोड को दो बार जाम किया गया, लेकिन इन्हें लाठी चला कर वहां से हटाया गया. सड़क जाम नहीं हो पाया तो वहीं दो बार पथराव की भी घटना हुई. मामला कभी भी हिंसा का रूप धर सकता है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की इस मुद्दे पर खामोशी और राज्य सरकार के उदासीन रवैए के कारण लोगों में गहरा आक्रोश भी देखा गया.







