
Ranchi: बोकारो-हजारीबाग जिला के सीमा पर बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी स्थित झंडी जंगल में कोयला के अवैध कारोबारियों के बीच बकाया रुपयों की मांग को लेकर हुए विवाद में दो राउंड गोली चली.घटना शनिवार रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे की है. गोली चलने के बाद हुई भगदड़ में पेंक नारायणपुर थाना अंतर्गत कंजकिरो निवासी आधा दर्जन लोग घायल हो गये. एक व्यक्ति को गंभीर चोट दाएं पैर एवं हाथ में गंभीर चोट लगी है. घायल व्यक्ति का इलाज डीवीसी बोकारो थर्मल हॉस्पिटल में किया जा रहा है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि कंजकिरो निवासी कुछ लोग कोयला का बकाया राशि की मांग को लेकर झंडी पहुंचे. झंडी में मौजूद कोयला के अवैध कारोबारियों ने उनपर फायरिंग कर दी और तलवार एवं हॉकी स्टीक से हमला कर दिया जिससे भगदड़ मच गई. बाद में सभी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की. मारपीट की घटना में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं.
घटना की सूचना बिष्णुगढ़ थाना को दी गयी. बताया जाता है कि कोयला के अवैध कारोबारियों को पुलिस ने जब फोन किया तो सभी को छोड़ा गया. घटना की सूचना मिलने पर कंजकिरो से काफी संख्या में लोग झंडी पहुंचे तब तक सभी कारोबारी वहां से भाग गए. इस संबंध में बिष्णुगढ़ इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ने पूछे जाने पर फायरिंग की घटना से इंकार करते हुए कहा कि मारपीट की घटना घटी है.
इसे भी पढ़ें: Lucknow : महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने बुलाने वालों पर होगी कार्रवाई, बेवजह गिरफ्तारी की भी मनाही




