
Ranchi: त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक है. 16 फरवरी को राज्य में चुनाव होना है. सत्तारूढ़ बीजेपी का सीपीआईएम और अन्य विरोधी पार्टियों के कार्यकर्ताओं व समर्थकों पर पहले से जारी हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. निर्वाचन आयोग की पूर्ण टीम के पिछले दिनों त्रिपुरा के दौरे के बाद भी इन घटनाओं में कमी नहीं आयी है. बीजेपी द्वारा प्रायोजित इन हिंसक घटनाओं का उद्देश्य है कि वहां निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में चुनाव ना हो. ये बातें बयान जारी कर सीपीआईएम के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कही. उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यों के लिए केंद्रीय सीमा सुरक्षा बल की जगह भाजपा शासित गुजरात और आसाम की पुलिस को भेजा जा रहा है. चुंकि यह आम चुनाव नहीं है और इस सीमावर्ती राज्य त्रिपुरा में पर्याप्त संख्या में बीएसएफ मौजूद है वैसी परिस्थिति में वहां इन राज्यों की पुलिस को भेजा जाना इस संदेह को बल प्रदान करता है कि चुनाव में इनका गलत इस्तेमाल किया जायेगा. दूसरी ओर भाजपा शासित राज्य आसाम के मुख्यमंत्री त्रिपुरा मे कैंप किये हुए हैं. और वह अपने राज्य की पुलिस का चुनाव को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. माकपा मांग करती है कि निर्वाचन आयोग त्रिपुरा में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराया जाना सुनिश्चित करे. जिससे भयमुक्त वातावरण मे त्रिपुरा के मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग कर सकें.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह के पारसनाथ रेलवे स्टेशन में आदिवासी नेताओं का चक्का जाम, सम्मेद शिखर को जैन समाज से मुक्त कराने की मांग




