
Ranchi: स्वास्थ्य विभाग प्राइमरी और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को दुरुस्त करने में लगा है. शहरी के साथ ग्रामीण हेल्थ सेंटर में भी सुविधाएं बढ़ाई जा रही है. ताकि छोटी-मोटी बीमारियों में लोगों को इलाज कराने के लिए शहर न आना पड़े. जरूरत पड़ने पर लाइफ सेविगं दवाएं भी उपलब्ध हों. इस कड़ी में ग्रामीण क्षेत्र के पीएचसी के लिए 20 करोड़ 74 लाख 19,100 रुपए आवंटित किए गए हैं. जिससे हेल्थ सेंटर के लिए जरूरतों को पूरा किया जाएगा. वहीं जरूरी दवाएं भी खरीदने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा यह भी आदेश दिया गया है कि अगर किसी सेंटर में अनावश्यक रूप से ज्यादा दवाओं की खरीदारी की जाती है तो इसके लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेवार होंगे. वहीं इसका खर्च भी उनसे वसूला जाएगा.
चार महीने का स्टॉक रेडी रखें
सभी जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों के पीएचसी इंचार्ज को जरूरी दवाएं खरीदारी करने को कहा गया है. मौसमी बीमारियों की दवाओं को प्राथमिकता में रखते हुए खरीदारी करे. इसके अलावा चार महीने तक का स्टॉक रेडी रखे, जिससे कि इलाज को आने वाले मरीजों को दवाएं आसानी से मिल सके. स्नेक बाइट और डॉग बाइट के वैक्सीन भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो इसका भी ध्यान रखने की जरूरत है.




