JamshedpurJharkhand

पैरों में कील ठोककर दर्द भगाते हैं असम के ये वैद्य

गोपाल मैदान में चल रहे संवाद में हीलरों की प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति रही आकर्षण का केंद्र

संजय प्रसाद
Jamshedpur : गोपाल मैदान बिष्टुपुर में चल रहे टाटा स्टील के संवाद में जनजातीय प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति आकर्षण का केन्द्र रही. लाइफ स्टाइल से संबंधित डायबिटीज बीमारी के इलाज की बात हो या किसी तरह के दर्द के निवारण की. हर मर्ज का इलाज यहां पर है. असम के सुकोमल देवड़ी नल ट्रीटमेंट यानी कील ठोक कर दर्द का इलाज करते हैं. वे पैरों पर छेनी और हथौड़ी इस तरह चलाते हैं, जैसे लोहे पर चला रहे हों. लेकिन कमाल की बात है कि इस मार से मरीज को कोई दर्द नहीं होता. सुकोमल बताते हैं-आजकल गठिया की आम समस्या है. एक उम्र के बाद यह समस्या होती है और चलना मुश्किल हो जाता है. हम कील पद्धति से इलाज करते हैं और शरीर की धमनियों से अशुद्ध रक्त को बाहर निकाल देते हैं. इससे दर्द से तुरंत राहत मिलती है. इस तकनीक से इलाज करा रहे शुभेन्दू मजूमदार ने कहा कि काफी राहत मिली है. चलना मुश्किल हो गया था. मेले में जब देखा तो इनसे इलाज कराया.

गढ़चरौली के वैद्यों ने बनाया डायबिटीज का पाउडर
महाराष्ट्र के ग़ड़चिरौली से आए वैद्यों ने डायबिटीज की बीमारी का पाउडर बना रखा है. बताया-सुबह और शाम इसके सेवन से डायबिटीज कन्ट्रोल रहता है. मधुमेह नाशक इस चूर्ण के वैद्य हनुमंत विठ्‌ठल नरोटे हैं. इसी तरह से राजस्थान से आए सुंदर लाल और अमृत लाल ने बताया कि वे शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने वाली दवाएं लाए हैं. गिलोय की बनी दवाईयां कई बीमारियों के निवारण में काम आती है. राजस्थान के प्रतापगढ़ से आए इन हीलरों ने कहा कि कोरोना के दौरान इन दवाईयों की काफी मांग रही और लोगों ने इससे लाभ उठाया.

जनजातीय जायकों को परोसने का तरीका बताने आई हैं ताज होटल की दो शेफ

गोपाल मैदान में चल रहे संवाद के आतिथ्य कॉर्नर में जनजातीय व्यंजन आकर्षण के केन्द्र रहे. इन जनजातीय व्यंजनों को परोसने और उसे लोगों तक पहुंचाने के लिए मुंबई की दो शेफ-अपेक्षा चौहान और मेगामी मेहता आई हैं. उन्होंने बताया कि वे मुंबई के ताज होटल से जुड़ी हैं और जनजातीय लोगों द्वारा बनाए जाने वाले व्यंजनों को कैसे बेहतर तरीके से परोसा और मेनू को डिजाइन किया जाय? इस बारे में ट्रेन्ड करने आई हैं. उन्होंने बताया कि ट्राइबल क्यूजिन में काफी वेरायटी हैं. हम पहली बार संवाद में आए हैं. काफी अच्छा अनुभव रहा हैं.

Related Articles

Back to top button