
Ranchi: देश भर में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2023 की प्रक्रिया शुरू हो गई है. झारखंड की भी 4000 से अधिक पंचायतों के पास इसके लिए मौका है. चयनित पंचायतों को अगले वर्ष पंचायती राज दिवस पर सम्मानित किया जायेगा. पुरस्कार अलग-अलग संवर्ग में मिलने हैं. इनमें विषयगत पुरस्कार के अलावा विशेष संवर्ग और अलग अलग पुरस्कार विषय में चयनितों को मौका मिलेगा.
कौन से मिलेंगे पुरस्कार
ग्रामीण विकास मंत्रालय (पंचायती राज) के राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से और मीडिया में सूचना जारी करते ग्राम पंचायतों से भिन्न भिन्न कैटेगरी में आवेदन मांगे गए हैं. विषयगत पुरस्कार की श्रेणी में दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार, नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार दिए जाएंगे. विशेष संवर्ग में ग्राम ऊर्जा स्वराज विशेष पंचायत पुरस्कार, पंचायत क्षमता निर्माण सर्वोत्तम संस्थान पुरस्कार, कार्बन न्यूट्रल विशेष पंचायत पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी (राज्य/जिला पंचायत) पुरस्कार तय किए गए हैं. पुरस्कार विषय में गरीबी मुक्त एवं संवर्धित आजीविका पंचायत, पंचायत में आत्मनिर्भर संरचना, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल उपयुक्त पंचायत, स्वच्छ व हरित पंचायत, सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत, सुशासन वाली पंचायत और महिला हितैषी पंचायत रखा गया है. विस्तृत जानकारी के लिए राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार पोर्टल www.panchayataward.gov.in देख सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तिथि 31-10-2022 तक है.




