
Chaibasa: 14 माह से घर से भटकी हुई एक महिला को विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा और सिमडेगा के प्रयास से घरवालों से मिलाया गया. दरअसल 14 माह पहले अपने घर से भटकी सिमडेगा के बानो गांव की निवासी 43 वर्षीय सुनीता देवी इधर-उधर भटकती रही. भटकती हुई वह किसी तरह चाईबासा पहुंच गई. 3 जून 2022 को चाईबासा के तांबो क्षेत्र में लोगों ने उसे देखा और इसकी सूचना महिला पुलिस थाना को दी गई. महिला थाना प्रभारी मीनू कुमारी ने तांबो चौक पहुंचकर उक्त महिला को अपने संरक्षण में लिया था और इसकी सूचना विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को दे दी थी. महिला पुलिस के सहयोग से उक्त महिला को तत्काल संरक्षण हेतु मिशनरी ऑफ चैरिटी बाइहातू में रखा गया था. विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा के सचिव राजीव कुमार सिंह ने उक्त महिला के परिवार वालों का पता लगाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार सिमडेगा के सचिव मनीष कुमार को जिम्मेदारी दी. उन्होंने अपने स्तर से उक्त महिला के घर का पता लगाया और उसकी सूचना चाईबासा भेजी. सिमडेगा के सचिव ने उस महिला के परिवार को भी चाईबासा भिजवाया. सचिव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त महिला को प्राधिकार के कार्यालय में लाकर उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है. उक्त महिला को लेने के लिए उसके भाई विक्रम बड़ाईक और भाभी संगीता देवी आई थी. इस अवसर पर प्राधिकार के अधिकारी खगेंद्र महतो, अरुण विश्वकर्मा और पीएलबी रेणु देवी भी उपस्थित थे. यह जानकारी प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह ने दी.




