
Ranchi : जन्म तिथि में फेरबदल करने एवं सरकारी राशि का विचलन करने के मामले में आरोपी खूंटी के पूर्व अनुमंडल कृषि पदाधिकारी इंद्रजीत राम को एसीबी के विशेष न्यायाधीश प्रकाश झा की अदालत ने बुधवार को दोषी करार दिया है. अदालत उसकी सजा पर 8 अगस्त को सुनवाई करेगी. दोषी पाये जाने के बाद इंद्रजीत राम को बिरसा मुंडा जेल, होटवार भेज दिया गया. बता दें कि उक्त आरोप में वर्ष 2009 में एसीबी ने प्रारंभिक जांच की थी. सबूत मिलने के बाद 27 मई 2013 को इंद्रजीत राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
इसे भी पढे़ं:महाराष्ट्र के बाद अब इस राज्य में ऑपरेशन लोटस की है तैयारी
अभियुक्त पर छह तरह के आरोप थे. जिसमें जन्म तिथि 19 जनवरी 1954 को ओवरराइट कर 1958 करने, अनुमंडल पदाधिकारी खूंटी में पदस्थापना के दौरान अवैध घोषित जैविक खाद को अवैध रूप से खरीद कर 96 हजार रुपये का भुगतान करने, चास बोकारो में कृषि पदाधिकारी के प्रभार से पूर्व ही 43.48 लाख रुपये गबन करने, मजदूरों की मजदूरी का बकाया राशि किसी अन्य प्रतिष्ठान के नाम से भुगतान करने, बैंक में जमा लगभग 10 लाख रुपये निजी खाते में जमा करने एवं चान्हो के कृषि पदाधिकारी रहते धान बीज विनियम योजना का दुरुपयोग करने का आरोप है. मामले में सुनवाई के दौरान 17 गवाहों को अदालत में प्रस्तुत किया गया था.
इसे भी पढे़ं:एक ओऱ सुखाड़ की ओर बढ़ता झारखंड, दूसरी ओर मनरेगा में घटता रोजगार




