
Ranchi : लॉन बॉल में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने इतिहास रचा. बर्मिंघम (इंग्लैंड) में भारतीय महिला लॉन बॉल टीम ने सफलता की लकीर खींची. जिन चार लडकियों ने विमेंस-4 में सोने का तमगा हासिल किया, उनमें दो झारखंड की हैं. रूपा रानी तिर्की और लवली चौबे. दोनों ने चुनौतियों से जुझते ही सात समंदर पार तिरंगा लहराया है. आइये, जानते हैं दोनों के घर परिवार के किस्से और बर्मिंघम तक के सफर को.
पिता का साया नहीं रहने पर भी कारवां जारी
रूपा रानी फिलहाल रामगढ़ की जिला खेल पदाधिकारी हैं हालांकि सरायकेला खरसावां से ट्रांसफर किये जाने के बाद अब तक औपचारिक तौर पर योगदान रामगढ़ में नहीं दिया है. उनका घर राजधानी रांची के सुजाता चौक के समीप है. पूर्व में रूपा सरकारी स्कूल की शिक्षिका रह चुकी हैं. इससे पहले वह 2004 से डे बोर्डिंग में रह कर कबड्डी खेलती थी. 2007 से लॉन बॉल खेलना शुरू किया. रूपा के पिता नहीं हैं बावजूद इसके सफर रूका नहीं. माँ अनीता तिर्की ने ही हर कदम पर सपोर्ट किया. इस वजह से वह आज एक नई मुकाम हासिल कर रही हैं. अनीता ने बेटी की कामयाबी के पीछे उसकी कड़ी मेहनत और लगन को सबसे बड़ा जरिया बताया है. रूपा के पति सरायकेला के पीडब्ल्यूडी विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में लॉन बॉल की टीम एक अंक की वजह क्वार्टर फाइनल में हार गई थी और वह पदक से चूक गई थी. इस बार टीम ने अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दक्षिण अफ्रीका को परास्त कर पदक पक्का किया.

लॉन्ग जंप से लॉन बॉल में कैरियर
लवली चौबे कांके के गांधीनगर में अपने परिवार के साथ रहती हैं. वह लॉन्ग जम्प की एथलीट रह चुकी हैं. इंजरी की वजह से लवली ने लॉन्ग जम्प छोड़ दिया और लॉन बॉल खेलने लगी. इसी में अपना ध्यान लगा कर प्रदर्शन करने लगी. अभी लवली झारखंड पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी कर रही हैं. पिता पहले सीसीएल में कार्यरत थे जो अब रिटायर हो चुके हैं. लवली के घर में कुल चार बहन और एक भाई है. इन तीन बहनों में लवली सबसे छोटी है.

संकल्प, साहस से परिणाम
कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए जब लवली को झारखंड पुलिस की तरफ से छुट्टी लेने में आफत थी. अंततः वह बर्मिंघम गयी. रूपा और लवली जैसी खिलाड़ी लॉन बॉल खेलने को शुरूआती दौर से ही नामकुम स्थित आरके आनंद लॉन बॉल ग्राउंड जाती रही. खुद से ही ग्राउंड की साफ सफाई कर खेलते रहीं.लॉन बॉल की कोचिंग और दूसरे मसलों पर झारखंड ओलंपिक संघ के डा मधुकांत पाठक का गाइडेंस, समर्थन मिलता रहा. हालांकि नौकरी में आने के बाद खेल के लिए प्रैक्टिस की कमी एक बड़ा मसला उनके लिए बना रहा था. नामकुम ग्राउंड में राज्य सरकार की तरफ से अपेक्षित सुविधाएं नहीं दिखी हैं. लेकिन फिर भी सभी ने अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है.
इसे भी पढ़ें: फुटबॉल खिलाड़ी के बॉयफ्रेंड ने दोस्त के साथ मिलकर किया सामूहिक दुष्कर्म, गिरफ्तार आरोपी नाबालिग




