
Ranchi: बीती रात कांग्रेस के तीन विधायकों से भारी रकम बरामदगी मामले को प्रदेश कांग्रेस ने गंभीरता से लिया है. पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने विधायक इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी व राजेश कच्छप पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं. उन्होंने कहा है कि तीनों विधायकों को फिलहाल पार्टी से सस्पेंड किया जायेगा. जांच के बाद कार्रवाई होगी. आलमगीर के इस बयान के कुछ देर बाद पार्टी की ओर से तीनों विधायकों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह जानकारी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने दी है.
आलम ने कहा है कि तीनों विधायकों के संबंध में पार्टी आलाकमान को भी रिपोर्ट किया जायेगा. इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि यह तीनों विधायक ही बता पायेंगे कि इतना पैसा कहां से आया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से हाल के दिनों में असम गैर बीजेपी शासित राज्यों को अस्थिर करने का केंद्र बिन्दु बना है, वह बात सबके सामने आ गयी है. उन्होंने कहा कि कुछ न कुछ बात थी, अभी उनकी पकड़े गये कांग्रेस विधायकों से बात नहीं हुई है, पार्टी इस पर निर्णय लेगी.
इधर, रांची के अरगोड़ा थाने में कांग्रेस पार्टी की ओर से पार्टी के तीनों विधायक इरफान अंसारी, नमन कोंगाड़ी व राजेश कच्छप के खिलाफ सरकार गिराने की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज कराया गया है. बेरमो विधायक अनुप सिंह की ओर से मामला दर्ज कराया गया है. अनुप के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी थाना पहुंचे थे. थाना प्रभारी ने बताया है कि एफआईआर दर्ज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी गई है.




