
Patna: आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव को शुक्रवार को दिल्ली एम्स से छुट्टी मिल गई है. वह अपनी बेटी मीसा भारती के घर पहुंच गए हैं. लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है. उन्होंने कई तस्वीरें भी शेयर की है, जिसमें लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और मीसा भारती की बेटी नज़र आ रही हैं.
रोहिणी आचार्य ने ट्वीट कर लिखा है, ‘Welcome back home papa’, जमाना करता है उनसे प्यार, लाखों लोगों के दिलों पे जो किया करते हैं राज. गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव पिछले दिनों पटना स्थित आवास में सीढ़ियों से गिर गए थे. इस दौरान उनके कमर और कंधे में चोटें आईं थीं, जिसके बाद उन्हें पटना स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी. पारस अस्पताल में सुधार होते नहीं देख उन्हें एयर एबुलेंस से एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था. अब उनकी स्थिति में सुधार है, जिसके बाद एम्स से छुट्टी दे दी गई है. इस खबर से लालू के परिजन व पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी दौड़ गई है.




