
New Delhi: कुख्यात आतंकी संगठन अल कायदा पैगंबर मोहम्मद प्रकरण से भड़का हुआ है. संगठन ने भारत के खिलाफ आत्मघाती हमले की धमकी दी है. धमकी भरे पत्र में कहा है कि पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वालों को मार देंगे. कहा है कि पैगंबर मोहम्मद के सम्मान में वह गुजरात, उत्तरप्रदेश, दिल्ली व मुंबई में खुद को उड़ाने के लिए तैयार हैं. यह भी कहा है कि यदि हम अपने प्यारे पैगंबर का बदला नहीं लेते हैं तो हमारी माताएं हमसे वंचित हो जाएं.
धमकी भरे पत्र में आगे कहा है कि हम अपने शरीर और अपने बच्चों के शरीर के साथ विस्फोटक बांधेंगे, ताकि उन लोगों को उड़ाया जा सके, जो हमारे पैगंबर का अपमान करने की हिम्मत करते हैं. उन्हें कोई माफी या क्षमा नहीं मिलेगी, किसी भी तरह की सुरक्षा में वह बच नहीं पाएंगे. यह भी कहा है कि हम दूसरे से भी पैगंबर मोहम्मद के सम्मान के लिए लड़ने का आग्रह करेंगे.
मालूम हो कि एक टीवी चैनल पर भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी की थी. दिल्ली भाजपा के पूर्व मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल ने इसे आगे बढ़ाया था. जिसके भारत के मुस्लिम समेत दुनियां भर के मुस्लिम देशों ने आपत्ति जताना शुरू कर दिया था. कई जगहों पर नूपुर शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई. इस विरोध के मद्देनजर भाजपा ने नूपुर शर्मा को प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए सस्पेंड कर दिया है. उधर, नवीन कुमार जिंदल को भी पार्टी से निकाल दिया गया है. नुपूर को जान से मार देने की धमकी भी मिल रही है.




