
Nikhil Kumar
Ranchi: राजधानी में कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण फिर लटक सकता है. निर्माण कर रही कंपनी दिनेश चंद्रा आर अग्रवाल इंफ्राकॉन को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी की जा रही है. नगर विकास विभाग के अंतर्गत जुडको ने कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण का जिम्मा जिस कंपनी को सौंपा है उसका ट्रैक रिकार्ड में झारखंड में बेहतर नहीं है. इस कंपनी को पहले झारखंड की एक महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण का जिम्मा दिया गया था जो अब तक अधूरा पड़ा है. ऐसे में इस कंपनी को पथ निर्माण विभाग ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है.
इसे भी पढ़ें: अब सवा तीन करोड़ के मकान में रहेंगे झारखंड के विधायक, भवन निर्माण ने जारी की 200.97 करोड़ की निविदा
पथ निर्माण विभाग ने गुजरात के मेट्रो शहर अहमहदाबाद के रजिस्ट्रड रोड कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार पर कार्रवाई की तैयारी की है. यह कंपनी झारखंड में सड़क निर्माण का काम लेने के बाद उसे पूर्ण नहीँ किया है,जिस वजह योजना लंबित रह गयी. हालात यह भी है कि कई जगह सड़क फिर से टूट भी रही है. पथ निर्माण विभाग ने लोहरदगा जिला अंतर्गत चट्टी से कुडू टाटी चौक तथा कैरो नया टोली से जिंगी मोड़ तक की 36 किमी लंबी सड़क को बनाने का जिम्मा मेसर्स दिनेश चंद्रा आर अग्रवाल इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड को 2016-17 में ही दिया था. कंपनी ने सड़क निर्माण का कार्य भी प्रारंभ किया. इंजीनियरों ने बताया कि प्रारंभ में सड़क निर्माण कार्य को अक्टूबर 2018 में ही पूर्ण करना था,लेकिन समय पर कार्य नहीं होने के बाद इसे हर हाल में 30 जून 2019 तक बनाने का लक्ष्य दिया गया. लेकिन कार्य पूर्णता की तिथि से तीन साल 7 माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक 92 फीसदी ही काम हुआ है. पथ निर्माण विभाग ने कई बाद संवेदक को समय पर काम पूर्ण करने का निर्देश दिया है,पर स्थिति यह है कि अभी कई महीनों से संवेदक ने इस पर काम बंद कर रखा है. सिर्फ आश्वासन दे रहा है कि काम प्रारंभ करेंगे पर काम शुरू नहीं कर रहा है. ऐसे में पथ निर्माण विभाग ने संवेदक को नोटिस जारी किया है. समय पर काम प्रारंभ नहीं हुआ तो कंपनी को डिबार किया जाएगा. इसके बाद भी काम शीध्र नहीं शुरू किया गया तो एकरारनामा रद करते हुए कंपनी को काली सूची में डालने की अनुसंसा उच्च अधिकारियों से की जाएगी. कंपनी ब्लैक लिस्ट हुई तो झारखंड में दूसरा काम नहीं कर पाएगी.
बता दें कि कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 224 करोड़ की लागत में इस कंपनी को दिया गया है. जुडको ने इसके निर्माण के लिए एकरारनामा किया है. कंपनी ने विगत कुछ दिन से ही इस पर काम प्रारंभ किया है. हालांकि, काम शुरू होते ही कंपनी पर एक ओर मुसीबत आयी है. एक अपराधी ने कंपनी से रंगदारी की भी मांग की है,हालांकि वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया है. जिससे कंपनी को कुछ राहत है.




