
Gaya: जिले के नक्सल प्रभावित बांकेबाजार प्रखंड अंतर्गत रोशनगंज थाना क्षेत्र में अपराधिक तत्वों द्वारा बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है. रंगदारी नहीं देने पर पुल निर्माण में लगे एक जेसीबी वाहन को आग के हवाले कर दिया गया. अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे. यह घटना सगडीहा गांव की पड़रा नदी के समीप की बतायी जाती है. जानकारी के अनुसार पुल निर्माण कार्य में लगी जेसीबी में आग लगाने के बाद अपराधी बाइक से ही भाग निकलने में सफल रहे.
रोशनगंज थाना के सगडीहा गांव में पुल निर्माण का काम चल रहा था. पुल निर्माण के काम में विभिन्न वाहनों के अलावे जेसीबी मशीन भी लगाए गए थे. इसी बीच रविवार की देर रात को बाइक से आधा दर्जन की संख्या में अपराधिक तत्व पहुंचे. इसके बाद अपराधियों ने जेसीबी को निशाना बनाया और उसमें पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया.
इस तरह की घटना की जानकारी के बाद रोशनगंज थाना की पुलिस स्थल पर पहुंची. सगडीहा गांव में पहुंचने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई थी. हालांकि पुलिस का मानना है कि यह घटना मामूली विवाद के कारण की गई है. किंतु सूत्रों की माने तो रंगदारी की मांग को लेकर इस तरह की घटना को अपराधियों के गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है. पूर्व में भी इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं.




