
Jamshedpur: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में दक्षिण-पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक अर्चना जोशी से गार्डेनरीच, कोलकाता स्थित उनके कार्यालय में मिला. प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न बिंदुओं पर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में टाटानगर या इसके आसपास रेलवे का उपक्रम स्थापित करने, रेलवे की जमीन को व्यवसायियों को लीज पर देने, टाटानगर से सीधी जयपुर/फुलेरा तक नई ट्रेन की व्यवस्था करने, पुरूषोत्तम एक्सप्रेस का जयपुर तक विस्तार करने, शालीमार-जयपुर एक्सप्रेस को नियमित रूप से परिचालित करने मांग रखी गयी.
इसके अलावा बंगलोर, पुणे और हैदराबाद तक सीधी ट्रेन सेवा के फेरे बढ़ाने, टाटानगर की सीट कोटा में बढ़ोतरी, टाटा एलेप्पी एक्सप्रेस को पूरी क्षमता से चलाई जाय, टाटा दानापुर एक्सप्रेस के समय में परिवर्तन करने, टाटा यशवंतपुर एक्सप्रेस के फेरे में बढ़ोतरी करने, बुजुर्गों को दी जाने वाली रियायत को फिर से लागू करने, हावड़ा-पोरबंदर एक्सप्रेस का परिचालन दैनिक आधार पर करने, रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर मेडिकल दुकानों की व्यवस्था करने, गोरूमहिसानी से बांगरीपोशी तक नई रेल लाइन बिछाने , टाटा जम्मूतवी एक्सप्रेस चालू करने , टाटानगर पार्किंग को ठीक करने, तीन इंट्री गेट तथा तीन एक्जिट गेट की व्यवस्था करने और टाटानगर स्टेशन में ओला-उबर के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग शामिल है.
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में महाप्रबंधक दक्षिण-पूर्व रेलवे अर्चना जोशी के साथ चीफ वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवा) एके सिंह, सीपीटीएम ए.भाटिया, वीके गुप्ता, उपमहाप्रबंधक रित्विक शर्मा, सीपीआरओ केएस आनंद सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे. चैम्बर प्रतिनिधिमंडल में मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) नितेष धूत, उपाध्यक्ष (जनसंपर्क एवं कल्याण) मुकेश मित्तल एवं सचिव (जनसंपर्क एवं कल्याण) भरत मकानी शामिल थे.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Panchayat Election 2022: घाटशिला में निर्विरोध 161 वार्ड सदस्यों को मिला प्रमाण पत्र, ये रही चुनाव अपडेट




