
Patna: बिहार दिवस कार्यक्रम में गुरुवार को शामिल हुए 100 से अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं. करीब 15 बच्चों को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. जबकि अन्य बच्चों का इलाज गांधी मैदान स्थित स्वास्थ्य शिविर में कराया जा रहा है. बीमार बच्चों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों बच्चे बिहार दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे. जानकारी के मुताबिक फूट प्वाइजनिंग के कारण 100 से ज्यादा बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. आनन-फानन में गंभीर रूप से बीमार बच्चों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है. इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
गौरतलब है कि कि बिहार राज्य के गठन के प्रतीक के तौर पर 22 मार्च को हर साल बिहार दिवस मनाया जाता है. कोरोना के कारण पिछले तीन साल से बिहार दिवस कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो सका था, लेकिन तीन साल बाद फिर से पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान गुलजार हो गया. 22 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन किया था. जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे.




