
Lucknow : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन किया है. बीजेपी 273 सीटों के साथ सरकार बनाने जा रही है. बावजूद इसके उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत राज्य के 11 मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है. योगी सरकार में मंत्री रहे इन नताओं को जनता ने नकार दिया है.
बता दें कि सिराथू में भाजपा के उम्मीदवार केशव प्रसाद मौर्य को समाजवादी पार्टी की डॉक्टर पल्लवी पटेल ने 7,337 मतों से पराजित किया. पल्लवी पटेल अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं.
वहीं राज्य सरकार के गन्ना मंत्री सुरेश राणा शामली जिले की थानाभवन सीट पर सपा समर्थित राष्ट्रीय लोकदल के अशरफ अली खान से 10 हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गये.
बात बरेली जिले की करें तो बहेड़ी विधानसभा सीट से राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार समाजवादी पार्टी के अताउर्रहमान से 3,355 मतों से चुनाव हार गये.
योगी सरकार में ग्राम विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह प्रतापगढ़ जिले की पट्टी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के राम सिंह से 22,051 मतों से पराजित हो गये. राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय चित्रकूट सीट पर सपा के अनिल कुमार से 20,876 मतों से पराजित हो गये.
राज्यमंत्री आनन्दस्वरूप शुक्ला को बलिया जिले की बैरिया सीट पर समाजवादी पार्टी के जयप्रकाश अंचल ने 12,951 मतों से पराजित किया. बलिया जिले की ही फेफना सीट पर खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार संग्राम सिंह से 19,354 मतों से पराजित हो गये.
समाजवादी पार्टी की उषा मौर्या ने फतेहपुर जिले की हुसैनगंज सीट पर भाजपा उम्मीदवार और राज्य सरकार के मंत्री रणवेन्द्र सिंह धुन्नी को 25,181 मतों से पराजित किया. औरैया जिले की दिबियापुर सीट पर राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत समाजवादी पार्टी के प्रदीप कुमार यादव से मात्र 473 मतों के अंतर से पराजित हुए.
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार माता प्रसाद पांडेय ने सिद्धार्थनगर जिले की इटवा सीट पर बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी को 1,662 मतों से हराया. गाजीपुर सीट पर राज्यमंत्री संगीता बलवंत को समाजवादी पार्टी के जयकिशन ने 1692 मतों के अंतर से पराजित किया.
इसे भी पढ़ें : भाजपा व कांग्रेस के बाद आप हुई सबसे ताकतवर क्षेत्रीय दल, राष्ट्रीय दल का दर्जा के लिए एक और राज्य में चाहिए छह फीसदी वोट




