
Jamshedpur: जमशेदपुर शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस का नशेड़ियों और अड्डेबाजों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. सोमवार को एक बार फिर जिले के एसएसपी के नेतृत्व में कदमा इलाके में छापेमारी की गई जहां से पुलिस ने आधा दर्जन नशेड़ियों को हिरासत में लिया और करीब एक दर्जन गाड़ियां जब्त की.
एसएसपी डॉ एम तमिलवानन ने बताया कि जमशेदपुर पुलिस लगातार पिछले एक महीने से यह अभियान चला रही है. उन्होंने बताया कि अक्सर नशे और जुआ की लत में आए युवा शहर में अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इसको लेकर पिछले एक महीने से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजों और नशेड़ियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपराध पर लगाम लगे. उन्होंने बताया कि गिरफ्त में आए युवकों को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया है. आगे भी यह अभियान जारी रहेगा. इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नशीला पदार्थ भी जब्त किया है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया.




