Crime NewsJamshedpurJharkhand

जमशेदपुर : गोलमुरी में धर्म परिवर्तन पर हंगामा मामले में चार FIR  दर्ज, पुलिस सर्तकता के बीच दूसरे दिन रही शांति

Jamshedpur :  रविवार को टिनप्लेट ढाला रोड पर चंगाई सभा और धर्म परिवर्तन के नाम पर भीड़ जुटाने तथा  प्रदर्शन और आगजनी करने के मामले में कुल चार मामले गोलमुरी थाने में दर्ज कराये गये हैं. इसमें से दो मामले मजिस्ट्रेट के बयान पर दर्ज किये गये हैं, जबकि दो अन्य मामले विरोधी पक्ष और समर्थकों के बयान पर दर्ज किये गये हैं. इस मामले में अभी तक किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है, हालांकि पुलिस ने रविवार को ही रवि सिंह पातर उर्फ रवि धंगर को हिरासत में ले लिया था, जिससे पूछताछ जारी है.

पहली एफआईआर

दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के नगर प्रबंधक दंडाधिकारी रवि शंकर भारती के बयान पर दर्ज की गयी है. इसमें गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट ढाला रोड के रहने वाले रवि सिंह पातर उर्फ रवि धंगर को आरोपी बनाया गया है. प्राथमिकी में एक कमरे में क्षमता से अधिक लोगों को बुलाकर सभा करने और कोविड-19 गाइड-लाइन का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है.

दूसरी एफआईआर

यह मामला भी रवि शंकर भारती के बयान पर ही दर्ज कराया गया है. इसमें सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको निवासी अरुण सिंह, अमित मिश्रा, चिंटू सिंह, शंकर राव, अप्पू तिवारी, रवि प्रसाद सिंह, पप्पू उपाध्याय, मंजीत सिंह, जग्गू सिंह, रितिका श्रीवास्तव, मुन्ना दुबे, आनंद अग्रवाल उर्फ श्यामसुंदर मिश्रा, संगीता पांडेय, कौशिक तथा  बिरसानगर जोन नंबर 3 के रहने लाले प्रेम प्रकाश के अलावा 100 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. इन पर नाजायज मजमा लगाकर गैरकानूनी तरीके से जुलूस निकालने, प्रदर्शन करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कोविड गाइड-लाइन का उल्लंघन करने का आरोप है.

तीसरी एफआईआर

यह मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के शेषनगर की रहने वाली एम साई कुमारी पद्मजा ने दर्ज कराया है. इसमें गोलमुरी नानक इंडियन क्लब टिनप्लेट के रहने वाले रवि सिंह औऱ विश्वजीत सिंह तथा अन्य को आरोपी बनाया गया है. कहा गया है कि सभी आरोपी रुपये देने का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का अभियान चला रहे थे. दोनों आरोपियों के घर पर इस काम को अंजाम दिया जा रहा था.

चौथा एफआईआर

साउथ इंडियन क्लब ढाला रोड निवासी रवि सिंह उर्फ रवि धंगर के बयान पर दर्ज मामले में सिदगोड़ा 10 नंबर बस्ती के मंजीत सिंह,  चिंटू सिंह, बारीडीह सृष्टि गार्डेन के अनिल मुखी व अज्ञात 150 लोगों को आरोपी बनाया गया है. एफआईआर में सभी आरोपियों पर नाजायज मजमा लगाने, गाली-गलौज करने,  मारपीट, शील भंग करने का प्रयास करने और धार्मिक स्थल पर तोड़-फोड़ कर धार्मिक भावना को आहत पहुंचाने का काम करने का आरोप है.

जानें क्या है पूरा मामला

रवि सिंह धंगर के टिनप्लेट ढाला रोड स्थित आवास पर रविवार की सुबह 9 बजे से चंगाई सभा का आयोजन चल रहा था. कुछ विरोधी लोगों ने धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाकर इसका विरोध किया था. धीरे-धीरे मामला इतना बिगड़ गया कि हिंदूवादी संगठनों के लोग भी जुट गये और खूब हंगामा हुआ. सूचना पर पुलिस पहुंची, पुलिस के सामने ही प्रदर्शन और रोड जाम किया गया. पुलिस को विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए हल्का लाठी चार्ज भी करना पड़ा. पुलिस द्वारा रवि सिंह पातर उर्फ रवि धंगर को हिरासत में लेने के बाद मामला शांत हुआ था. इसके बाद सभी लोग थाने पहुंचे. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी थी. हालांकि सोमवार को स्थिति पूरी तरह से सामान्य है, लेकिन पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है.

ये भी पढ़ें-जमशेदपुर : साकची के हिन्द वेयर सर्विस सेंटर में चोरों ने बोला धावा, तीन लाख नकद सहित 15 लाख की चोरी

Related Articles

Back to top button