
Jamshedpur : पोटका थाना क्षेत्र के हेंसलबिल गांव में रेखा की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति आलोक राज को जेल भेज दिया है. पुलिस ने उसे शनिवार रात को ही हिरासत में लिया था. बता दें कि रेखा का शव शनिवार की देर रात कमरे में फंदे पर लटका हुआ बरामद किया गया था. रेखा ने आलोक से प्रेम विवाह किया था. रेखा की मौत के बाद उसके मायकेवालों ने पोटका थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था.
पुलिस ने हिरासत में रखे गये आरोपी पति को सोमवार को जेल भेज दिया. इस मामले में सास, ससुर, देवर व अन्य को भी आरोपी बनाया गया है. सभी फरार हैं. आरोप है कि शादी के बाद से रेखा को ससुरालवाले दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया करते थे. कभी रुपये तो कभी पलंग और सोफा के लिए उसे प्रताड़ित किया जाता था. उसका पति आलोक भी अपने माता-पिता की ही बातें सुनता था. रेखा के मायकेवालों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से सक्षम नहीं होने के कारण ससुरालवालों की मांगों को पूरी नहीं कर पा रहे थे. लेकिन उन्हें विश्वास नहीं है कि रेखा ऐसा कदम उठा सकती है. आरोप है कि रेखा की पहले गला दबाकर हत्या की गयी है, उसके बाद उसे फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गयी है.
ये भी पढ़ें-




