
Lakhisarai : जिले में शुक्रवार को जमीन विवाद के कारण एक पुत्र ने अपने पिता को ही गोली मार दी. घटना जिले के हलसी प्रखंड के मोहद्दीनगर गांव की है. पिता की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है और उन्हें सदर अस्पताल लखीसराय से बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना हलसी प्रखंड के मोहद्दीनगर गांव का है. गोली दो लोगों को लगी है, जिसमें से एक दानी महतो के सर में गोली लगी है. वहीं गांव के ही सरयुग ठाकुर के पैर में गोली लगी है. इस घटना को अंजाम दानी महतो का पुत्र मनीष और गांव के ही मिथिलेश ने दिया है.
लखीसराय एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि जमीन की बंटवारे को लेकर पिता पुत्र में विवाद चल रहा था. मनीष के द्वारा अपने पिता दानी महतो पर बार बार दवाब बनाया जा रहा था कि जमीन का बंटवारा कर दीजिए. वहीं दानी महतो जमीन का बंटवारा नहीं कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें:…और मंत्री पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा कर रोने लगा एक फरियादी
इसी में मनीष ने आवेश में आकर गोली चला दी. जानकारी मिलने के बाद लखीसराय एसडीपीओ रंजन कुमार पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.
साथ ही दानी महतो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है और सरयुग ठाकुर जिनके पैर में गोली लगी है, उनका इलाज सदर अस्पताल लखीसराय में ही किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
इसे भी पढ़ें:मलेशिया में फंसे 30 श्रमिकों को झारखंड लाने की कवायद शुरू




