
Koderma: जिले के झुमरी तिलैया शहर में प्रतिबंधित दवाओं को चोरी चुपके बेचने की शिकायत पर उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार एसडीओ मनीष कुमार ने बुधवार को कई ठिकानों पर छापेमारी की. बताते चलें कि शहर में इन दिनों कई जगहों पर प्रतिबंधित दवाओं को धड़ल्ले से बेचे जाने की शिकायत जिला प्रशासन को मिली थी. प्रशासन ने टीम गठित कर बुधवार को झंडा चौक माइका गली स्थित एक घर व गौरीशंकर मुहल्ले स्थित कई थोक दवाओं के दुकानों में छापेमारी की. माइका गली के एक आवासीय एसके भवन के एक कमरे में प्रशासन ने ताला तोड़कर छापेमारी की जिसमे भारी संख्या में दवाएं मिली.
इन्ही दवाओं में प्रतिबंधित दवाई “ऑक्सीटोसिन” भी मिली. यह बताना जरूरी होगा कि जिस आवासीय बिल्डिंग में दवा का कारोबार किया जा रहा था, उस कारोबारी का कोई भी लाइसेंस नहीं था. आवासीय बिल्डिंग के एक कमरे से ही दवा का कारोबार किया जा रहा था.
इसे भी पढ़ें:और कितनी मौत के बाद थमेगा धनबाद में कोयला के अवैध कारोबार का खेल : दीपक प्रकाश
दीपक कुमार नाम का व्यक्ति दवा का कारोबार कर रहा था, हालांकि जब प्रशासन की टीम छापेमारी करने पहुंची तो दीपक घर पर मौजूद नही था और उसके कमरे के बाहर ताला लटका था. प्रशासन ने दीपक की पत्नी को बुलाया और ताला खोलने की बात कही. लेकिन दीपक की पत्नी ताला खोलने को लेकर टाल मटोल करती रही.

आखिरकार एसडीओ मनीष कुमार ने ताला तोड़कर कमरे की तलाशी ली, जिसमे प्रतिबंधित दवाई समेत भारी मात्रा में दवाई पाई गई. फिलहाल प्रशासन ने कमरे को सील कर दिया, साथ ही प्रतिबंधित दवा के अलावा एक्सपायरी दवाईयां और एक्सपायर सैंपल की दवा बरामद किया.
इसे भी पढ़ें:जमशेदपुर : 31 मार्च तक खत्म हो जाएगी 95 प्रतिशत माइंस की लीज, बेरोजगार हो जाएंगे लाखों लोग
इसके पूर्व एसडीओ मनीष कुमार ने झुमरी तिलैया शहर के विभिन्न अल्ट्रासाउंड केन्द्रों की जांच की. साथ ही कई दवा दुकानों की भी जांच की गई.
मौके पर एसडीओ मनीष कुमार के अलावा प्रशिक्षु अमित कुमार, नगर परिषद प्रशासक विनीत कुमार कुमार के अलावा टीम टीम में कई विभागीय कर्मी शामिल थे. एसडीओ मनीष कुमार ने सबसे पहले डॉक्टर गली में संचालित पवन श्री अल्ट्रासाउंड केंद्र पहुंचे जहां बिना डॉक्टर के केंद्र संचालित पाए गए.
इसे भी पढ़ें:UP Election 2022 : गुरुवार को 11 जिलों की 58 सीटों पर वोटिंग
इसके बाद टीम राजगढ़िया रोड मे संचालित एडवांस अल्ट्रासाउंड केंद्र पहुंची जहां संचालक द्वारा जांच में सहयोग नहीं करने पर दोनों अल्ट्रासाउंड केंद्रों को सील कर दिया गया. एसडीओ अपनी टीम के साथ राजगढ़िया रोड पहुंचे जहां उन्होंने मैक्स अल्ट्रासाउंड, वन पॉइंट अल्ट्रासाउंड और भारत अल्ट्रासाउंड की जांच की.जहां इन अल्ट्रासाउंड में कोई कमी नहीं मिली. पूरे छापेमारी के दौरान दवा के होलसेल दुकान, अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालकों में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें:भाषा और स्थानीय नीति को लेकर 7 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी आजसू पार्टी




